नेपाल में राजशाही की बहाली के लिए बवाल, काठमांडू के तीन क्षेत्रों में कर्फ्यू

काठमांडू। नेपाल में राजशाही की फिर से बहाली और नेपाल को हिंदू राष्ट्र घोषित करने की मांग को लेकर आज हो रहा विरोध प्रदर्शन हिंसक हो उठा। काठमांडू एयरपोर्ट के पास पुलिस को प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागने के साथ ही रबर बुलेट चलानी पड़ी। भारी बवाल के बाद तीन इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है।

Mar 28, 2025 - 16:49
 0
नेपाल में राजशाही की बहाली के लिए बवाल, काठमांडू के तीन क्षेत्रों में कर्फ्यू

राजतंत्र को बहाल करने और हिंदू राष्ट्र घोषित करने की मांग कर रहे हैं लोग

आगजनी और पथराव की घटनाओं के बाद पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी, रबर बुलेट चलाईं

नेपाल के लोग पिछले कुछ समय से देश में राजशाही लागू करने की मांग कर रहे हैं। लोगों की मांग है कि नेपाल को हिंदू राष्ट्र घोषित किया जाए। अपनी इन मांगों को लेकर लोगों ने पिछले दिनों जंगी प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन रैली में नेपाल के पूर्व राजा ज्ञानेंद्र भी शामिल हुए थे। रैली में शामिल लोग हाथों में राजा ज्ञानेंद्र और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के पोस्टर लिए हुए थे। 

राजतंत्र समर्थकों का कहना है कि 2008 में देश में राजशाही समाप्त होने और लोकतंत्र लागू होने के बाद से देश में अस्थिरता बढ़ी है। भ्रष्टाचार भी बढ़ गया है। कोई भी सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पा रही है। इसी वजह से लोग चाहते हैं कि नेपाल में एक बार फिर से राजतंत्र की बहाली होनी चाहिए। 

शुक्रवार को नेपाल में एक बार इन्हीं मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन हुआ। इस दौरान राजतंत्र की बहाली और नेपाल को हिंदू राष्ट्र घोषित करने संबंधी पर्चे उछाले गये। आगजनी, पथराव की घटनाएं भी हुईं। काठमांडू एयरपोर्ट के पास यह विरोध प्रदर्शन हिंसक हो उठा। इस दौरान एक बिल्डिंग में आगजनी भी हुई। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने के साथ ही रबर बुलेट चलानी पड़ी। 

बवाल से प्रभावित तिनकुने, सिनामंगल और कोटेश्वर क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया गया है। इन इलाकों में भारी तनाव बना हुआ है।