आगरा में मंदिर के 100 मीटर दायरे में खुली मीट दुकानों का विरोध, भाजपाइयों के प्रदर्शन के बाद दुकानें बंद

थाना जगदीशपुरा के बोदला चौकी क्षेत्र स्थित मारुति स्टेट में मंदिर के 100 मीटर दायरे में खुली मीट की दुकानों के खिलाफ क्षेत्रवासियों और भाजपाइयों ने विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा युवा नेता गौरव सारस्वत के नेतृत्व में दुकानों को बंद कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Jan 21, 2026 - 22:35
 0
आगरा में मंदिर के 100 मीटर दायरे में खुली मीट दुकानों का विरोध, भाजपाइयों के प्रदर्शन के बाद दुकानें बंद
मीट की दुकान के बाहर प्रदर्शन करते भाजपाई।

आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के अंतर्गत बोदला चौकी क्षेत्र स्थित मारुति स्टेट (बोदला रोड) में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब मंदिर के समीप संचालित मीट की दुकानों और रेस्टोरेंट को लेकर क्षेत्रवासियों और भाजपाइयों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान “जय श्री राम” के नारे लगाए गए और मंदिर की मर्यादा व सरकारी गाइडलाइन के पालन की मांग की गई।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि मंदिर से महज कुछ ही दूरी पर कई वर्षों से मीट की दुकानें और रेस्टोरेंट धड़ल्ले से संचालित हो रहे थे, जबकि सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार मंदिर से 100 मीटर के दायरे में मीट की दुकान खोलना प्रतिबंधित है। इस नियम का लंबे समय से खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा था।

जब इस पूरे मामले की शिकायत भाजपा युवा नेता गौरव सारस्वत से की गई, तो उन्होंने क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर तत्काल मोर्चा संभाला। सभी ने एकजुट होकर मंदिर से 100 मीटर के भीतर संचालित मीट की दुकानों और रेस्टोरेंट का विरोध किया, जिसके बाद संबंधित दुकानों को बंद कराया गया।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्रवासियों में संतोष और खुशी देखी गई। लोगों ने भाजपा युवा नेता गौरव सारस्वत और उनके साथियों की खुले तौर पर प्रशंसा की और जय श्री राम के नारों के साथ खुशी जाहिर की।

हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम के बाद एक बड़ा सवाल भी खड़ा हो गया है कि आखिर इतने वर्षों से मंदिर के 100 मीटर के भीतर ये मीट की दुकानें और अवैध रेस्टोरेंट किसकी शह पर चल रहे थे।

मीट की दुकानों के बंद होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि नियमों के उल्लंघन की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।