आगरा में आतंक के खिलाफ जनाक्रोश जारी: सड़कों पर उतरे नागरिक और व्यापारी

आगरा। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष हिंदुओं की नृशंस हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इसी क्रम में आगरा से भी आतंक के विरोध की आवाजें उठ रही हैं। शनिवार को आगरा शहर में विभिन्न सामाजिक संगठनों और व्यापारिक संस्थाओं ने कैंडल मार्च, श्रद्धांजलि सभाओं और विरोध प्रदर्शनों के जरिए आतंकवाद के खिलाफ अपना आक्रोश प्रकट किया। विरोध प्रदर्शन और कैंडल मार्च के जरिए जनता ने साफ संदेश दिया कि अब केवल निंदा नहीं, बल्कि त्वरित कार्रवाई चाहिए।

Apr 26, 2025 - 21:37
 0
आगरा में आतंक के खिलाफ जनाक्रोश जारी: सड़कों पर उतरे नागरिक और व्यापारी
पहलगाम के आतंकी हमले के विरोध में शनिवार को आगरा में विभिन्न संगठनों द्वारा किये गये विरोध प्रदर्शन और कैंडल मार्च के दृश्य।  

आई सर्व खुशियों के पल संस्था का कैंडल मार्च एवं श्रद्धांजलि सभा

वरिष्ठ नागरिकों की संस्था आई सर्व खुशियों के पल ने देव नगर, खंदारी स्थित कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया और फिर देवनगर व निर्भय नगर में कैंडल मार्च निकाला। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने आतंकवाद के विरुद्ध एकजुटता दर्शाते हुए मोमबत्तियां जलाईं और दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी।

विशेष अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ ऐसी सामाजिक एकजुटता युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। वरिष्ठ समाजसेवी राममोहन कपूर ने कहा कि इस आयु में भी राष्ट्र के प्रति संवेदनशीलता समाज को सकारात्मक दिशा देती है। संस्था के सदस्य वरिंदर मनचंदा ने कहा, समाज की चुप्पी अब टूटनी चाहिए, हम आतंक के इस कायरतापूर्ण कृत्य की घोर निंदा करते हैं।

सुधा गौतम ने कहा कि युद्ध समाधान नहीं है, कूटनीतिक दबाव से पाकिस्तान को सबक सिखाया जाए। दीपक प्रहलाद का कहना था कि यह आयोजन औपचारिकता नहीं, बल्कि देश के प्रति भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है। कार्यक्रम का संयोजन अनुराग जैन ने किया और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

भारत विकास परिषद अमृतम शाखा का विरोध प्रदर्शन

भारत विकास परिषद अमृतम शाखा द्वारा जयपुर हाउस स्थित श्रीराम पार्क पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। 'भारत माता की जय' और 'मोदी जी तुम एक्शन लो, देश तुम्हारे साथ है'  के नारों से वातावरण गूंज उठा।

इस मौके पर शाखा अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता (राम भाई) ने चेताया कि हिंदू अब भी न जागे तो बांग्लादेश जैसी स्थिति भारत में भी बन सकती है। संरक्षक उमेश अग्रवाल और विजय अग्रवाल, सचिव राजीव गोयल ने देशभक्ति और एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम संयोजक अजय शिवहरे, कोषाध्यक्ष मयंक जैन ने भी पाकिस्तान की घिनौनी हरकत की कड़ी निंदा की।

इस प्रदर्शन में क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. तरुण शर्मा, अंजना शिवहरे, दीपक भार्गव, संजय गुप्ता, ज्योति मोहन जिन्दल, राजगिरी अग्रवाल, गौरव बिंदल, सुदेश अग्रवाल, महेश गोयल, विमल शिवहरे, अशोक शीतलानी, श्रेष्ठ शिवहरे सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

कपड़ा व्यापारियों का काली पट्टी बांधकर कैंडल मार्च

आगरा क्लाथ मर्केंटाइल एसोसिएशन के नेतृत्व में थोक कपड़ा कारोबारियों ने भी मदीना तिराहे से चिम्मन चौराहा तक काली पट्टी बांधकर कैंडल मार्च निकाला। मार्च सुभाष बाजार, जौहरी बाजार, रावतपाड़ा, दरेसी होते हुए चिममन चौराहा पर श्रद्धांजलि सभा में परिवर्तित हुआ।एसोसिएशन अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि अब आतंकवाद के खिलाफ आर-पार की लड़ाई जरूरी है।

मीडिया प्रभारी नंद किशोर गोयल ने बताया कि इस आयोजन में बृजकिशोर अग्रवाल, माधव अग्रवाल, संजय अग्रवाल, ताराचंद गोयल, राजीव गुप्ता, विशनू जैन सहित कई बाजारों, गोपाल कटरा, सुभाष बाजार, अजीत मार्केट, रोशन मोहल्ला, मानपाड़ा, गौरीशंकर, अशोक, कश्यप, दलपत, जय हिंद मार्केट, हलवाई गली, तिवारी मार्केट के व्यापारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। दिवंगतों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।

इलेक्ट्रिक कॉन्ट्रैक्ट एंड मर्चेंट एसोसिएशन का श्रद्धांजलि कार्यक्रम

बेलनगंज चौराहा पर इलेक्ट्रिक कॉन्ट्रैक्ट एंड मर्चेंट एसोसिएशन ने भी पहलगाम की आतंकी घटना में मारे गए निर्दोष हिंदुओं को श्रद्धांजलि दी।
अध्यक्ष मुकेश गुप्ता, मंत्री राकेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल, लाला तिवारी, पीयूष बंसल, सुनील केशवानी, वीरेंद्र शर्मा समेत कई अन्य सदस्यों ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की।

SP_Singh AURGURU Editor