पुतिन ने बापू के लिए लिखा- भारत-रूस गांधी के बताए रास्ते पर आगे बढ़ रहे
पुतिन ने रूसी भाषा में लिखा कि आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महात्मा गांधी एक महान मानवतावादी थे। दुनिया में शांति कायम करने में उनका योगदान बहुत मूल्यवान रहा है।
नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को राजघाट पहुंचे, जहां पर उन्होंने महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित किया। इस दौरान पुतिन ने राजघाट पर विज़िटर्स बुक पर साइन किया, जहां उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। पुतिन ने रूसी भाषा में लिखा कि आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महात्मा गांधी एक महान मानवतावादी थे। दुनिया में शांति कायम करने में उनका योगदान बहुत मूल्यवान रहा है।
पुतिन ने लिखा, आज भी महात्मा गांधी की स्वतंत्रता, सत्य, अहिंसा और मानवता की सोच उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी पहले थी। गांधी जी एक ऐसे नए विश्व की कल्पना करते थे जहां सभी देशों के बीच न्याय, समानता और सम्मान हो। रूस के राष्ट्रपति ने लिखा, महात्मा गांधी किसी एक देश के प्रभुत्व के बजाय एक बहुध्रुवीय और संतुलित विश्व व्यवस्था चाहते थे। अपने समय में उन्होंने रूसी दार्शनिक लियो टॉल्स्टॉय के साथ पत्राचार में इसी तरह के भविष्य के विश्व पर विचार साझा किए थे। एक ऐसी दुनिया जो एक दूसरे के सम्मान और बराबरी के सिद्धांतों पर चले। पुतिन ने विजिटर्स बुक में लिखा, आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत और रूस भी उसी तरह के मूल्यों का समर्थन करते हैं। दोनों देश ऐसे वैश्विक ढांचे का पक्ष लेते हैं, जिसमें किसी पर दबाव न हो और सहयोग व सम्मान के आधार पर दुनिया आगे बढ़े।
गौरतलब है कि पुतिन गुरुवार शाम भारत पहुंचे, जहां पीएम मोदी खुद उनका स्वागत करने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी ने गले लगाकर रूसी राष्ट्रपति का स्वागत किया। पीएम मोदी ने पुतिन को रूसी भाषा में अनुवादित 'गीता' भेंट की। दिल्ली पहुंचने के बाद रूसी राष्ट्रपति पुतिन का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान दोनों नेताओं ने एयरपोर्ट पर एक-दूसरे को गले लगाया और गर्मजोशी से अभिवादन किया। एयरपोर्ट पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए रूसी राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत किया गया। पुतिन ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना की। इसके बाद दोनों वैश्विक नेता एक ही गाड़ी में एयरपोर्ट से रवाना हुए।