अछनेरा में कहासुनी बनी कत्ल की वजह, बच्चों के विवाद में राजमिस्त्री की ईंट मारकर हत्या
अछनेरा के मोहल्ला गुलाब नगर में बच्चों के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। झगड़े के दौरान राजमिस्त्री साबुद्दीन उर्फ साबू के सिर पर ईंट से वार किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आगरा। जनपद के थाना अछनेरा क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला गुलाब नगर में मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और एक राजमिस्त्री की जान चली गई। मृतक की पहचान साबुद्दीन उर्फ साबू पुत्र बाबू, निवासी गुलाब नगर के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
परिजनों के अनुसार, विवाद की शुरुआत बच्चों के बीच कहासुनी से हुई थी। देखते ही देखते बड़े लोग भी इसमें शामिल हो गए और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि झगड़े के दौरान साबुद्दीन के सिर पर ईंट से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल ले जाने से पहले तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही थाना अछनेरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भेजा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिवार में मचा कोहराम
साबुद्दीन पेशे से राजमिस्त्री था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।