सीएचसी सीकरी में इलाज पर सवाल: ऑक्सीजन और एंबुलेंस न मिलने का आरोप, महिला की मौत पर हंगामा

फतेहपुर सीकरी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सीकरी में बुधवार देर शाम उपचार में कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया, जहां सांस लेने में तकलीफ से जूझ रही एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा और अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया, जबकि प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

Jan 28, 2026 - 22:13
 0
सीएचसी सीकरी में इलाज पर सवाल: ऑक्सीजन और एंबुलेंस न मिलने का आरोप, महिला की मौत पर हंगामा
फतेहपुर सीकरी स्वास्थ्य केंद्र, जहां इलाज न मिलने का आरोप लगा है।

मृतका की पहचान शहनाज (पत्नी सलीम) निवासी गली मुतबलियान, ऊपर पहाड़, फतेहपुर सीकरी के रूप में हुई है। मृतका के पति सलीम ने आरोप लगाया कि बुधवार शाम अचानक शहनाज की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सांस लेने में गंभीर दिक्कत होने लगी। ऑक्सीजन की तत्काल आवश्यकता महसूस होने पर उन्होंने एंबुलेंस सेवा को कॉल किया, लेकिन समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी।

परिजन निजी वाहन से शहनाज को सीएचसी सीकरी लेकर पहुंचे। आरोप है कि अस्पताल पहुंचने पर उपचार में देरी हुई और ऑक्सीजन की व्यवस्था नहीं हो सकी, जिससे शहनाज की मौत हो गई। महिला की मृत्यु की खबर फैलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू हो गया।

सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया।

वहीं, सीएचसी अधीक्षक राजकमल का कहना है कि मरीज की हालत अत्यंत गंभीर थी और उपचार शुरू करने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाया, जिसके कारण दुखद परिणाम सामने आया। उन्होंने किसी भी स्तर पर लापरवाही से इनकार किया है।

सीकरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में एंबुलेंस की उपलब्धता, ऑक्सीजन व्यवस्था और उपचार प्रक्रिया से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor