आर अश्विन नेआईपीएल को भी कहा अलविदा

रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल से संन्यास का ऐलान कर दिया है। अश्विन ने एमएस धोनी की कप्तानी में डेब्यू किया था, लेकिन वो उनसे पहले ही रिटायर हो गए। ऐसे ही कई खिलाड़ियों के साथ पहले भी हुआ है।  

Aug 27, 2025 - 21:50
 0
आर अश्विन नेआईपीएल को भी कहा अलविदा


नई दिल्ली। रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया। अश्विन ने बुधवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए खेल से संन्यास का ऐलान कर दिया। अश्विन ने एमएस धोनी की कप्तानी में डेब्यू किया था। लेकिन उनसे पहले ही रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया। ऐसे कई खिलाड़ी भी हैं जिन्होंने धोनी के बाद खेलना शुरू किया लेकिन कुछ कारणों से जल्दी ही रिटायरमेंट ले लिया।

रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल से संन्यास का ऐलान कर दिया। वहीं अश्विन ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कुछ महीने पहले ही कर दिया। अश्विन ने अपने आईपीएल करियर के दौरान पांच टीमों का प्रतिनिधित्व किया। आईपीएल में कुल मिलाकर अश्विन ने 221 मैच खेले और 30.22 की औसत और 7.20 की इकॉनमी से 187 विकेट लिए। हालांकि इस खिलाड़ी ने क्रिकेट करियर की शुरुआत महेंद्र सिंह धोनी के कप्तानी में ही की थी। लेकिन वो धोनी से पहले ही रिटायर हो गए।

अंबाती रायडू ने जुलाई 2013 में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना पहला वनडे मैच खेला। उन्होंने 55 ODI मैच खेले और उनका औसत 47.05 का रहा। उन्होंने अपने वनडे करियर में 3 शतक भी लगाए। रायडू आईपीएल में मुंबई और बाद में सीएसके के लिए खेले। वे एक बेहतरीन मध्यक्रम के बल्लेबाज थे। वे 2019 के वर्ल्ड कप में नंबर 4 की समस्या को आसानी से हल कर सकते थे। लेकिन जब सेलेक्टर्स ने उन्हें टीम में नहीं चुना और विजय शंकर को चुना तो उन्होंने 2019 में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट लेने का फैसला कर लिया। बाद में उन्होंने रिटायरमेंट से वापसी भी की, लेकिन फिर वो इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेल पाए और फिर आईपीएल से भी उन्होंने संन्यास ले लिया।

स्टार तेज गेंदबाज आरपी सिंह ने सितंबर 2005 में जिम्बाब्वे के खिलाफ राष्ट्रीय टीम के लिए खेलना शुरू किया। उनका करियर शानदार रहा। उन्होंने अपना टी20आई डेब्यू महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में किया था। उन्होंने आईपीएल भी खेला जहां उन्होंने 90 विकेट लिए। लेकिन कुछ कारणों से उन्होंने सितंबर 2018 में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट ले लिया। आरपी सिंह ने अपनी गेंदबाजी से भारतीय टीम को कई मैच जिताए।

प्रज्ञान ओझा ने भी अपना टी20 डेब्यू 2009 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में ही किया था। उन्होंने 24 टेस्ट मैचों में 113 विकेट लिए। जबकि उन्होंने 18 वनडे और 6 टी20 इंटरनेशनल मैच भी खेले। उन्होंने आखिरी मैच 2013 में सचिन तेंदुलकर के रिटायरमेंट टेस्ट में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था। उस मैच में वे 'मैन ऑफ द मैच' भी बने थे। उनका करियर जल्दी ही खत्म हो गया। उन्होंने आखिरकार रिटायरमेंट ले लिया।

प्रवीण कुमार ने तीनों फॉर्मेट में अपना डेब्यू महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में ही किया था। उन्होंने 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ भारत के लिए खेलना शुरू किया। वे एक बेहतरीन गेंदबाज थे जो गेंद को दोनों तरफ स्विंग करा सकते थे। उन्होंने अपने करियर में 6 टेस्ट और 68 वनडे मैच खेले। उन्होंने टेस्ट में 27 और वनडे में 77 विकेट लिए। उन्होंने अक्टूबर 2018 में ट्विटर पर एक घोषणा के जरिए रिटायरमेंट ले लिया।