बरसाना में राधाष्टमी महोत्सव 30-31 अगस्त को: लाखों श्रद्धालुओं के लिहाज से सुरक्षा-व्यवस्था
मथुरा। बरसाना की गलियां राधा रानी के स्वागत को तैयार हैं। कान्हा के जन्मोत्सव की गूंज अभी थमी भी नहीं कि अब राधा जन्मोत्सव का उल्लास छाने लगा है। 30 और 31 अगस्त को मनाए जाने वाले श्री राधाष्टमी पर्व के लिए प्रशासन ने इस बार कमर कस ली है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बरसाना पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इस बार बरसाना को 6 जोन और 16 सेक्टरों में बांटा गया है। लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को संभालने के लिए राधारानी मंदिर तक पहुंचने का विशेष मार्ग तय किया गया है। सुदामा चौक की पुरानी सीढ़ियों से प्रवेश होगा और जयपुर मंदिर मार्ग से निकास।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 50 पार्किंग स्थल और 88 बैरियर बनाए गए हैं। वहीं, मेला क्षेत्र में 160 सीसीटीवी कैमरे चौकसी करेंगे। खास बात यह है कि इस बार भीड़ प्रबंधन के साथ-साथ श्रद्धालुओं की परिक्रमा और दर्शन हेतु रोप वे भी चालू रहेगा। राधारानी मंदिर सोलह घंटे तक खुला रहेगा और सुबह अभिषेक के दर्शन एक घंटे तक कराए जाएंगे।
मंदिर रिसीवर सुशील गोस्वामी ने बताया कि श्री राधाष्टमी का लाइव प्रसारण मंदिर की वेबसाइट पर होगा, ताकि जो श्रद्धालु बरसाना न आ सकें, वे भी घर बैठे राधारानी के दर्शन का लाभ उठा सकें।
यातायात प्रबंध के लिए रोडवेज की 270 बसें चलाई जाएंगी, जो विभिन्न मार्गों से बरसाना को जोड़ेंगी। वहीं नगर की सड़कों, सीवर, झाड़ियों की सफाई, पार्किंग स्थलों पर रोशनी, पीने के पानी, शौचालय और जनरेटर जैसी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने कस्बे में पैदल भ्रमण कर जर्जर मकानों की जांच कराई और निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। अतिक्रमण हटाकर पूरा मेला क्षेत्र श्रद्धालु-हितैषी बनाया जा रहा है।
बरसाना में इस बार राधाष्टमी केवल पर्व ही नहीं, बल्कि एक अद्भुत अनुभव बनने जा रही है, जहां भक्ति, सुरक्षा और व्यवस्थाओं का संगम देखने को मिलेगा।