मथुरा में गूंजेगा राधा-कृष्ण का 'भ्रमर गीत', पांचजन्य प्रेक्षागृह में होगी रासलीला की दिव्य प्रस्तुति

मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, मथुरा द्वारा संचालित 'गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी, वृंदावन' के प्रशिक्षुओं द्वारा ‘भ्रमर गीत’ पर आधारित एक अद्वितीय मंचन 27 व 28 जुलाई को सायं 6 बजे से पांचजन्य प्रेक्षागृह, डेंपियर नगर, मथुरा में होगा।

Jul 26, 2025 - 20:43
 0
मथुरा में गूंजेगा राधा-कृष्ण का 'भ्रमर गीत', पांचजन्य प्रेक्षागृह में होगी रासलीला की दिव्य प्रस्तुति
यही कलाकार करेंगे भ्रमर गीत का मंचन।

-गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी वृंदावन के प्रशिक्षु कलाकार देंगे अभूतपूर्व प्रस्तुति

यह मंचन यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा प्रायोजित है। मंचन मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के सहयोग से किया जाएगा।

गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी के निदेशक प्रो दिनेश खन्ना ने बताया कि श्रीकृष्ण की लीलाओं में से एक "भ्रमर गीत" लीला की प्रस्तुति वृंदावन निवासी कवि स्व. छैल बिहारी उपाध्याय ‘छैल’ द्वारा रचित है। ये भ्रमर गीत मंच पर गीत, संगीत, नृत्य एवं अभिनय के समन्वय से सजीव मंचन के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी के कोआर्डिनेटर ( शोध, ग्रंथागार, सांस्कृतिक प्रशिक्षण, जनसंपर्क और प्रकाशन) चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार ने बताया कि रासलीला संरक्षण के प्रयासों के अन्तर्गत रासलीला "भ्रमर गीत" के मंचन का संगीत संयोजन कलाकार आकाश शर्मा, मन मोहन कौशिक, दीनानाथ व सुनील कौशिक आदि का है। मंचन में मथुरा व वृंदावन के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के बालक- बालिकाएं भाग ले रहे हैं। इस लीला में भगवान श्रीकृष्ण वृंदावन में यमुना किनारे भौंरा बन कर राधा व सखियों के बीच लीला करते हैं। ये मंचन रासलीला संरक्षण के प्रयासों के तहत कराया जा रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor