आगरा में आधी रात दहला रघुबीर कुंज, गैस सिलेंडर फटा, आग–धुएं में फंसे परिवारों को दमकल ने बचाया

आगरा। जनपद न्यायालय दीवानी परिसर के निकट स्थित तीन मंजिला अपार्टमेंट रघुबीर कुंज में मंगलवार देर रात अचानक लगी आग ने अफरा-तफरी मचा दी। आग की चपेट में आते ही एक आधे भरे गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे आग और तेजी से फैल गई। धुएं और लपटों के बीच दो से तीन परिवार अपने फ्लैटों में फंस गए, जिन्हें दमकलकर्मियों ने साहसिक रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।

Jan 7, 2026 - 12:36
 0
आगरा में आधी रात दहला रघुबीर कुंज, गैस सिलेंडर फटा, आग–धुएं में फंसे परिवारों को दमकल ने बचाया
आग बुझाते दमकलकर्मी।

दीवानी परिसर के पास तीनमंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग, ढाई घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

आगरा। जनपद न्यायालय दीवानी परिसर के निकट स्थित तीन मंजिला अपार्टमेंट रघुबीर कुंज में मंगलवार देर रात अचानक लगी आग ने अफरा-तफरी मचा दी। आग की चपेट में आते ही एक आधे भरे गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे आग और तेजी से फैल गई। धुएं और लपटों के बीच दो से तीन परिवार अपने फ्लैटों में फंस गए, जिन्हें दमकलकर्मियों ने साहसिक रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।

फायर स्टेशन संजय प्लेस के प्रभारी एफएसओ सोमदत्त सोनकर के अनुसार, अपार्टमेंट के भूतल पर बने हॉल में कबाड़ा भरा हुआ था, जहां चार गैस सिलेंडर रखे थे। इनमें से तीन खाली और एक आधा भरा था। आग की चपेट में आते ही आधा भरा सिलेंडर फट गया। विस्फोट के बाद आग की लपटें प्रथम और द्वितीय तल तक जा पहुंचीं, जबकि घना धुआं पूरे भवन में फैल गया।

धुएं के कारण सांस लेने में दिक्कत होने लगी और लोग घबराकर फ्लैटों में ही फंस गए। प्रथम तल पर रोहित गुप्ता और द्वितीय तल पर अमित अग्रवाल के परिवार आग-धुएं के बीच फंस गए थे। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि यह संभावना भी जताई जा रही है कि रात्रि में चौकीदार द्वारा जलाए गए अलाव से आग फैल सकती है। वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन आग फ्लैटों तक पहुंचने से घरेलू सामान को काफी नुकसान हुआ है। समय रहते दमकल की कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।