राहुल गांधी का लखनऊ कोर्ट में सरेंडर, जमानत मिली

लखनऊ। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मंगलवार को लखनऊ की एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश हुए। उन्होंने मानहानि मामले में कोर्ट के सामने सरेंडर किया, लेकिन सिर्फ 5 मिनट बाद ही उन्हें जमानत मिल गई। राहुल गांधी के वकील ने सरेंडर के तुरंत बाद जमानत अर्जी दाखिल की, जिसे कोर्ट ने 20-20 हजार रुपये के दो जमानती बॉन्ड पर मंजूर कर लिया। इस पूरे घटनाक्रम पर देशभर की निगाहें टिकी थीं।

Jul 15, 2025 - 20:48
 0
राहुल गांधी का लखनऊ कोर्ट में सरेंडर, जमानत मिली

राहुल गांधी 2022 में भारतीय सेना पर की गई टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में लखनऊ की एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में पेश हुए। पिछली सुनवाइयों में अनुपस्थित रहने के बाद कोर्ट ने उनकी उपस्थिति अनिवार्य की थी। कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, और उनकी पेशी को लेकर सियासी हलचल भी तेज रही।


राहुल गांधी मंगलवार को दिल्ली से फ्लाइट के जरिए करीब 12.30 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से सीधे वह सिविल कोर्ट स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट के लिए रवाना हुए।

यह पूरा मामला 2022 में राहुल गांधी के एक बयान से जुड़ा है। 16 दिसंबर 2022 को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल ने कहा था कि चीनी सैनिक भारतीय सेना के जवानों को पीट रहे हैं। राहुल गांधी का यह बयान 9 दिसंबर को भारत-चीन सीमा पर हुई झड़प के संदर्भ में था।

इस बयान को लेकर बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन के पूर्व निदेशक उदय शंकर श्रीवास्तव ने लखनऊ की एमपी-एमएलए कोर्ट में उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का बयान भ्रामक और तथ्यों के विपरीत था, जिससे भारतीय सेना का मनोबल प्रभावित हुआ और सैनिकों के परिजनों की भावनाएं आहत हुईं।

गौरतलब है कि 12 दिसंबर 2022 को भारतीय सेना की ओर से आधिकारिक बयान जारी कर बताया गया था कि अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में चीनी सैनिकों ने भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश की थी, लेकिन भारतीय जवानों ने उनका डटकर मुकाबला किया और उन्हें पीछे खदेड़ दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए लखनऊ कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।