राहुल गांधी कल संसद में देंगे बयान, बजट पर आज  कुछ कहने से इनकार, अमित शाह ने कहा- ऐतिहासिक

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026 पेश कर दिया है। इसे लेकर मिली जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। बजट पेश होने के बाद समाजवादी पार्टी ने उस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव ने इस बजट को गरीब, महिला और युवा विरोधी बताया।

Feb 1, 2026 - 15:13
 0
राहुल गांधी कल संसद में देंगे बयान, बजट पर आज  कुछ कहने से इनकार, अमित शाह ने कहा- ऐतिहासिक

संसद के मंच से बोलूंगा'

केंद्रीय बजट 2026-27 पर अपनी टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "मैं कल संसद द्वारा दिए गए मंच का इस्तेमाल करके बोलूंगा।" 

शशि थरूर ने क्या कहा?
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, अभी सिर्फ बजट भाषण सुना है, उसमें डिटेल बहुत कम है। हम केरल में घोषणाओं का इंतजार कर रहे थे लेकिन कुछ नहीं सुन पाए। एम्स का लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं, कुछ नहीं हुआ।

क्या बोले सपा प्रमुख अखिलेश यादव?
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा से कोई उम्मीद मत करिए। भाजपा कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए काम करती है। बजट पहले से तय होता है, किसे लाभ पहुंचाना है। ये बजट अदृश्य लोगों को लाभ पहुंचाने वाला है। ये बजट आम लोगों की समझ से बाहर है। किसान, गरीब, गांव में रहने वालों के समझ से बाहर है। बुनियादी ढांचा क्या है, पैदावार की कीमत क्या दे रहे हैं। मनरेगा जैसी योजना को आपने कमजोर कर दिया है। महंगाई को रोकने के लिए उपाय नहीं है। शिक्षा के लिए बेहतर करने के लिए व्यवस्था नहीं है। स्वास्थ्य सुविधाएं कितनी बर्बाद हो गई हैं। 
 

खोखले खिलौने जैसा है बजट- प्रमोद तिवारी

केंद्रीय बजट 2026 को लेकर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, “आप खुद सत्ताधारी पार्टी के सदस्यों के चेहरे देखिए, वो कह रहे हैं कि इससे ज्यादा निराशाजनक, मनोबल गिराने वाला और धोखे वाला बजट नहीं हो सकता था। वो इसे अपने सभी बजट में सबसे निराशाजनक बजट बता रहे हैं। मैं बस इतना कहना चाहता हूं, इस बजट में कहीं भी ढूंढ लीजिए, किसानों के लिए कुछ नहीं है, युवाओं के लिए रोजगार के लिए कुछ नहीं है, देश की अर्थव्यवस्था के लिए कुछ नहीं है। कुल मिलाकर, अगर आप देखें तो यह बजट एक खोखले खिलौने जैसा है जिससे कोई आवाज भी नहीं आती। 2,300 से ज्यादा यूनिट्स का बंद होना ही इस बजट की कहानी बताता है।” 

शत्रुघ्न सिन्हा ने क्या कहा?
यूनियन बजट 2026 के लेकर लोकसभा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, "क्या सरकार ने युवाओं, मिडिल क्लास, खिलाड़ियों, किसानों या महिलाओं की सुरक्षा के लिए कुछ किया है? इस बजट में कुछ नहीं है। यह एक 'फेकू' बजट है। बजट PMO में तैयार किया गया है, इसीलिए प्रधानमंत्री इसकी तारीफ कर रहे हैं।"

'बजट एक खाली डिब्बा है'
बजट 2026 को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "यह बजट एक खाली डिब्बा है, इसमें कुछ भी नहीं है, बिल्कुल कुछ भी नहीं। बजट में एक्सपोर्ट को राहत मिलनी चाहिए थी, लेकिन एक्सपोर्टर्स को कोई राहत नहीं मिली है। बजट में किसानों का कहीं भी जिक्र नहीं है। अमेरिका से जुड़े मुद्दों के कारण नुकसान झेलने वाले एक्सपोर्टर्स के लिए भी कोई राहत नहीं है। पहले हमें लगा था कि वो कम से कम डिब्बे में कुछ पुरानी चीजें तो डालेंगे, लेकिन उन्होंने वह भी निकाल लिया है।"


गृह मंत्री अमित शाह  ने भी बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए इस बजट को आत्मनरिर्भर और हर वर्ग के लिए शानदार बताया है। अमित शाह ने कहा कि ये बजट जमीनी विजन से जुड़ा हुआ है। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बजट 2026-27 के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी जी ने सिद्ध किया है कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत केवल एक नारा नहीं, बल्कि हमारी सरकार का संकल्प है। इस बजट में न सिर्फ हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर नागरिक को सशक्त बनाने का एक स्पष्ट ब्लूप्रिंट है, बल्कि उसे प्रोत्साहन देने का एक जमीनी विजन भी है, जो उसे हर कदम पर मदद करेगा। विकसित भारत एक ऐसे भारत के निर्माण का विजन है, जो विश्व में हर क्षेत्र में अग्रणी हो।