निबोहरा में अवैध क्लीनिक पर छापा, संचालक गिरफ्तार, तीन दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई
आगरा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को निबोहरा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक पर छापा मारकर उसे सील कर दिया। क्लीनिक संचालक भूपेंद्र सिंह पुत्र अजय सिंह को पुलिस के हवाले कर दिया गया। विभाग ने आरोपी के विरुद्ध निबोहरा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
शिकायत पर हुई कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग को भूपेंद्र सिंह द्वारा बिना वैध अनुमति क्लीनिक चलाने की शिकायत मिली थी। नोडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र लवानिया एवं जिला निरीक्षक जगपाल चाहर की टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की, जिसके बाद क्लीनिक को सील कर दिया गया और आरोपी को पकड़ लिया गया।
तीन दिन में दूसरी छापेमारी
इससे पूर्व नगला खुशियाली क्षेत्र में भी अवैध क्लीनिक पर इसी टीम द्वारा छापामारी की गई थी। उस कार्रवाई में अतर सिंह नामक व्यक्ति का क्लीनिक सील किया गया था और उसे भी गिरफ्तार किया गया था। दोनों ही मामले जन शिकायतों के आधार पर सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।