बारिश बनी केकेआर के लिए विलेन, आरसीबी प्लेआफ में पहुंची
बेंगलुरु। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स का मैच बारिश के चलते रद्द हो गया है। बेंगलुरु में लगातार हुई बारिश के कारण टॉस भी नहीं हो पाया। यह मैच विशेष रूप से केकेआर के लिए बहुत महत्वपूर्ण था क्योंकि इस मुकाबले को जीतकर ही वह प्लेऑफ की दौड़ में बनी रह सकती थी। दूसरी ओर आरसीबी ने लगभग प्लेऑफ में अपना स्थान पक्का कर लिया है।
सस्पेंशन के बाद आईपीएल 2025 में यह पहला मैच था, लेकिन चिन्नास्वामी स्टेडियम में लाइव एक्शन देखने के लिए फैंस तरस गए। विराट कोहली की टेस्ट रिटायरमेंट के बाद मैदान में काफी फैंस सफेद जर्सी पहन कर आए थे, लेकिन वो एक क्षण के लिए भी विराट को मैदान पर नहीं देख पाए।
बारिश कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए विलेन साबित हुई। केकेआर के लिए यह मैच जीतना जरूरी था क्योंकि आरसीबी को हराने पर ही उसकी प्लेऑफ की उम्मीद जीवित रह सकती थीं। अब केकेआर के 13 मैचों में पांच जीत के बाद 12 अंक हो गए हैं। उसका अब एक ही मैच बाकी रह गया है, जिसे जीतकर वह 14 अंकों तक पहुंच सकती है, जो उसके प्लेऑफ में जाने के लिए नाकाफी साबित होगा।
दूसरी ओर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की बात करें तो मैच रद्द होने से उसके 17 अंक हो गए हैं और वह पॉइंट्स टेबल के टॉप पर पहुंच गई है। हालांकि बेंगलुरु ने अभी तक अंतिम-4 में जगह पक्की नहीं की है। इतिहास पर नजर डालें तो साल 2016 से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को चिन्नास्वामी स्टेडियम में केकेआर पर जीत नहीं मिली है और आज का मैच रद्द होने से यह सिलसिलाआ अब भी जारी है।