आगरा की रामलीला में भव्य झांकियों के साथ निकाली गई रावण की दुहाई शोभायात्रा
आगरा। ऐतिहासिक रामलीला में रावण ने आज रामबरात मार्ग पर भव्य शोभायात्रा निकालकर अपने सम्राट होने की दुहाई दी। रावतपाड़ा से केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल और रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने शोभायात्रा का शुभारंभ किया। आगरा के प्रमुख बैंड स्वर लहरियां बिखेरते हुए चलते रहे और रावण की सेना के करतब दर्शकों का मन मोहते रहे।
शोभायात्रा में सबसे आगे ऊँट की सवारी थी, इसके पीछे ताड़का की झांकी थी। जेल की झांकी में बंद साधु रावण के अत्याचार की कथा बता रहे थे। दशानन की सवारी पर दो तोप सजी थीं, जो गोलों का प्रदर्शन कर रही थीं। रावण के सेनापतियों की सवारी और भाई कुंभकर्ण की सवारी भी लोगों का आकर्षण बनी। पुत्र मेघनाथ और इंद्रजीत के बाद रावण घोड़े के रथ पर सवार होकर तलवार का प्रदर्शन कर सम्राट होने की प्रतीकात्मक दुहाई दे रहे थे।
शोभायात्रा में कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल, ताराचंद, टीएन अग्रवाल, विजय प्रकाश अग्रवाल, विनोद जौहरी, मुकेश अग्रवाल, मनोज अग्रवाल पौली भाई, मुकेश जौहरी, प्रवीण स्वरूप, अंजुल बंसल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन ने दर्शकों में धार्मिक और आध्यात्मिक भावनाओं को जागृत किया।