अमृत भारत योजना में पुनर्विकसित ईदगाह और फतेहाबाद स्टेशन का हुआ लोकार्पण

आगरा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आगरा के पुनर्विकसित ईदगाह और फतेहाबाद रेलवे स्टेशनों का आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित दो अलग-अलग कार्यक्रमों में सांसद, विधायकों और रेलवे अधिकारियों ने स्टेशनों के आधुनिकीकरण को प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत संकल्प का हिस्सा बताया।

May 22, 2025 - 17:56
 0
अमृत भारत योजना में पुनर्विकसित ईदगाह और फतेहाबाद स्टेशन का हुआ लोकार्पण
पुनर्विकसित ईदगाह रेलवे के लोकार्पण समारोह में केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, विधायक डॊ. जीएस धर्मेश, डॊ. धर्मपाल सिंह और चौधरी बाबूलाल, भाजपा के महानगर अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता एवं अन्य।

-पीएम मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया शुभारंभ, सांसद और विधायकों ने गिनाईं विकास की उपलब्धियां

ईदगाह स्टेशन पर अब ठहरेंगी और ट्रेनें, यात्रियों को नया अनुभव मिलेगा

पुनर्विकसित ईदगाह रेलवे स्टेशन के लोकार्पण पर आयोजित समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा, यह स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से युक्त है और यह केवल यात्री सुविधा नहीं, बल्कि ‘विकसित भारत’ के संकल्प की दिशा में एक ठोस कदम है।

मंत्री बघेल ने स्टेशन परिसर में पट्टिका का उद्घाटन किया और ‘ऑपरेशन कोके’ के अंतर्गत एक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस कार्यक्रम में विधायक जीएस धर्मेश, धर्मपाल सिंह, चौधरी बाबूलाल, डीआरएम तेज प्रकाश अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, टीएन अग्रवाल, अलौकिक उपाध्याय, रोहित कत्याल, राजेश अग्रवाल, महेश शर्मा समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

पीएम-सीएम के नेतृत्व में विकास के नये आयाम स्थापित हो रहे-चाहर

फतेहाबाद रेलवे स्टेशन के लोकार्पण समारोह में शिलापट का अनावरण करते क्षेत्रीय सांसद राज कुमार चाहर। साथ हैं विधायक छोटे लाल वर्मा और पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा। 

फतेहाबाद रेलवे स्टेशन पर आयोजित लोकार्पण समारोह में क्षेत्रीय सांसद राजकुमार चाहर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हम विकसित भारत की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास के नए प्रतिमान स्थापित हो रहे हैं।
उन्होंने फतेहाबाद स्टेशन को पुनर्विकसित कराने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया और बताया कि वह एवं विधायक छोटेलाल वर्मा जल्द ही रेल मंत्री से मिलकर कुछ प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग करेंगे।

सांसद ने क्षेत्र में चल रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए सींगना में आलू अनुसंधान केंद्र, रोहता में गर्ल्स पॉलीटेक्निक कॉलेज और 4600 करोड़ की हर घर गंगाजल योजना को विकास के प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में विधायक छोटेलाल वर्मा, पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा, रेलवे के अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor