करोड़ों की ज़मीन के लिए रिश्ते का कत्ल, बरेली में किसान की निर्मम हत्या का हुआ खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
बरेली जिले के ग्रामीण क्षेत्र में करोड़ों रुपये की जमीन हड़पने की नीयत ने रिश्तों की सारी मर्यादाएं तोड़ दीं। थाना सिरौली क्षेत्र के ग्राम बैल भोजी में हुए किसान की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने जमीन अपने नाम कराने की मंशा पूरी न होने पर ईंट से सिर कुचलकर हत्या करने की बात कबूल की है।
-रमेश कुमार सिंह-
बरेली। थाना सिरौली क्षेत्र के ग्राम बैल भोजी में 19 दिसंबर को हुए किसान तोताराम की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त फूलचन्द्र उर्फ मुछारे को रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की वजह करोड़ों रुपये की बेशकीमती जमीन थी, जिस पर आरोपी की लंबे समय से नीयत खराब थी।
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी (आईपीएस) अंशिका वर्मा ने बताया कि मृतक तोताराम की पत्नी की तहरीर पर 20 दिसंबर को थाना सिरौली में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी ऑवला रोड स्थित कालाभोज तिराहे पर कहीं भागने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम फूलचन्द्र उर्फ मुछारे पुत्र झंडू, उम्र करीब 52 वर्ष, मूल निवासी ग्राम धर्मपुर थाना बिसौली जिला बदायूँ, हाल निवासी ग्राम बैल भोजी थाना सिरौली जिला बरेली बताया। उसके खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका मृतक तोताराम से पारिवारिक संबंध था। तोताराम के पिता जागनलाल उसकी मौसी के बेटे थे। जागनलाल की मृत्यु के बाद वह उनकी पत्नी ओमवती के साथ ग्राम बैल भोजी में रहने लगा था। समय के साथ तोताराम के नाम करोड़ों रुपये की कीमती जमीन हो गई।
आरोपी ने बताया कि तोताराम नशे का आदी था और जमीन बेच रहा था। वह नहीं चाहता था कि जमीन बाहर जाए और चाहता था कि जमीन उसके नाम हो जाए। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और गाली-गलौज के बाद उसने हत्या की योजना बना ली।
आरोपी के अनुसार उसने तोताराम को भैंसों के तबेले के पास जमीन पर गिराया और पास पड़ी ईंट से सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद वह फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही और बयान के आधार पर मामले का सफल खुलासा किया है। हत्या की इस वारदात ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जमीन का लालच रिश्तों को भी खून में बदल देता है।