आगरा व्यापार मंडल का संकल्प: 31 को रक्तदान शिविर में व्यापारी तोड़ेंगे अपना ही रिकॉर्ड

आगरा। व्यापारिक और सामाजिक सरोकारों की मिसाल पेश करने वाला आगरा व्यापार मंडल 31 अगस्त को एक बार फिर इतिहास रचने जा रहा है। दरेसी स्थित रामस्वरूप सिंघल गर्ल्स इंटर कॉलेज में मंडल द्वारा तीसरा विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें हजारों व्यापारी और नागरिक शामिल होंगे। लक्ष्य रहेगा पिछले वर्ष हुए 1036 यूनिट रक्तदान के रिकॉर्ड को तोड़कर एक नया अध्याय लिखना।

Aug 28, 2025 - 18:07
 0
आगरा व्यापार मंडल का संकल्प: 31 को रक्तदान शिविर में व्यापारी तोड़ेंगे अपना ही रिकॉर्ड
कमला नगर स्थित लोकहितम ब्लड बैंक पर आगरा व्यापार मंडल द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते अध्यक्ष टीएन अग्रवाल। मंच पर भगवान दास बंसल, योगेश रखवानी, नितेश अग्रवाल, राजीव गुप्ता, संदीप गुप्ता, प्रेम सागर, अनिल अग्रवाल, राजेश अग्रवाल आदि।

गुरुवार को कमला नगर स्थित लोकहितम ब्लड बैंक पर शिविर का पोस्टर विमोचित किया गया। अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि आगरा व्यापार मंडल का संकल्प है कि रक्त की कमी के कारण किसी की जान खतरे में न आए। एक रक्तदान तीन लोगों का जीवन बचाता है। इस बार हम रक्तदाताओं को हेलमेट भी देंगे, ताकि उनके अपने जीवन की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो।

उन्होंने बताया कि शिविर सुबह 8 बजे से शुरू होगा और तब तक जारी रहेगा जब तक अंतिम रक्तदाता रक्तदान न कर ले। शुभारंभ अपना घर भरतपुर के संस्थापक डॉ. बीएम भारद्वाज और डॉ. माधुरी भारद्वाज करेंगे। कार्यक्रम में पांच संतों के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, मेयर हेमलता दिवाकर, जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी मौजूद रहेंगे।

रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी

व्यापार मंडल ने अब तक आयोजित किए पिछले तीन रक्तदान शिविरों में जितना रक्तदान किया, उसका भी रिकॊर्ड तोड़ने की तैयारी है। पिछले शिविरों में 8 अगस्त 2022: प्रथम रक्तदान शिविर में 500 यूनिट, 6 अगस्त 2023: द्वितीय शिविर में 1036 यूनिट और 31 अगस्त 2025: लक्ष्य—अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ते हुए हजारों यूनिट रक्तदान हुआ था।

प्रेरणा के पीछे की कहानी

टीएन अग्रवाल ने बताया कि लगभग पाँच वर्ष पूर्व एक व्यापारी की पत्नी को रेयर ब्लड ग्रुप (बी-नेगेटिव) की आवश्यकता हुई थी। उस समय आगरा में रक्त उपलब्ध नहीं हुआ और मथुरा से रक्त लाना पड़ा। तभी संकल्प लिया गया कि आगरा में रक्त की कमी किसी की जान न ले। यही सोच आज विशाल रक्तदान शिविर के रूप में मूर्त रूप ले रही है।

तैयारियां और संयोजन

कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने बताया कि पूरे परिसर को एयर कंडीशनिंग से लैस किया गया है ताकि रक्तदाताओं को कोई परेशानी न हो। संयोजक संदीप गुप्ता, राजेश अग्रवाल, बृजमोहन रैपुरिया, योगेश रखवानी और राजीव गुप्ता हैं।
आगरा व्यापार मंडल की 63 सदस्य संस्थाएं इस शिविर में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। नगर निगम सहयोग से चौराहों पर एलईडी वीडियो, पंजीकरण शिविर और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

यातायात सुरक्षा का संदेश

इस वर्ष शिविर का नारा रखा गया है- रक्तदान देगा तीन जीवन, हेलमेट करेगा निज जीवन की रक्षा। सभी रक्तदाताओं को आईएसआई मार्क हेलमेट भेंट किए जाएंगे। व्यापारिक संगठन शिविर को लेकर खासे उत्साहित हैं। पिछले वर्ष कई सौ लोग रक्तदान से वंचित रह गए थे, लेकिन इस बार व्यापक तैयारियां की गई हैं ताकि कोई भी रक्तदाता लौटे नहीं।

पोस्टर विमोचन में ये रहे उपस्थित

भगवान दास बंसल, योगेश रखवानी, संदीप गुप्ता, दुष्यंत गर्ग, राजेश अग्रवाल, बृजमोहन रैपुरिया, राकेश बंसल, राजीव गुप्ता, अशोक मंगवानी, नंद किशोर गोयल, राकेश मंगल, साहूकार सिंह, देवेंद्र अग्रवाल, राजेंद्र गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, अमित अग्रवाल, अंशुल अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, जयप्रकाश अग्रवाल, मनीष बंसल, राजेश सिंघल, अखिल मोहन मित्तल, संजीव जैन, डीके वर्मा, आकाश आदि उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor