ससुराल से लौटा और जीवन त्याग दिया: पत्नी के मायके न आने पर पशु व्यापारी ने की आत्महत्या
आगरा। बाह थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जहां पत्नी के मायके से वापस न लौटने पर 33 वर्षीय पशु व्यापारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामला बटेश्वर रोड स्थित धुसेश्वर महादेव मंदिर के पीछे का है, जहां रहने वाले संदीप यादव ने पारिवारिक कलह से तंग आकर यह खौफनाक कदम उठाया।
परिजनों के अनुसार, संदीप की पत्नी माया देवी 15 दिन पूर्व अपने दोनों बच्चों सात वर्षीय कृष्णा और चार वर्षीय कार्तिक के साथ मायके चली गई थी। पति-पत्नी के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था, जिसे सुलझाने के लिए संदीप दो दिन पहले माया को लेने ससुराल गया था। मगर वहां विवाद और कहासुनी के बाद माया देवी वापस आने को तैयार नहीं हुई।
संदीप गुरुवार शाम घर लौटा, मगर पूरी तरह गुमसुम और भीतर ही भीतर टूटा हुआ था। रात को अपने कमरे में गया और उसी कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मृतक के पिता भूरेलाल ने आरोप लगाया कि संदीप पर ससुराल पक्ष की ओर से मानसिक दबाव और धमकियां दी जा रही थीं, जिससे वह तनाव में आ गया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और ससुराल पक्ष से भी पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद से गांव में शोक की लहर है।
Top of Form
Bottom of Form