राजस्व निरीक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा, भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की कार्रवाई
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की टीम ने सदर तहसील के राजस्व निरीक्षक को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
-सदर तहसील बरेली में दस हजार रुपये की रिश्वत लेते समय हुआ गिरफ्तार, थाना इज्जतनगर में दर्ज हुआ मुकदमा
यह कार्रवाई मंगलवार की सायंकाल कस्बा रिठौरा स्थित ईदगाह के निकट तिराहे पर की गई, जहां राजस्व निरीक्षक नरेन्द्र पाल गंगवार रिश्वत की राशि ले रहे थे। उन्हें मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया गया। इस संबंध में उनके विरुद्ध थाना इज्जतनगर, बरेली में विधिक कार्यवाही की गई है।
कार्रवाई की पुष्टि करते हुए पुलिस उपाधीक्षक, भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली मंडल यश पाल सिंह ने बताया कि टीम प्रभारी इश्तियाक वारसी और उनकी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
क्या है मामला
शिकायतकर्ता पूरनलाल शर्मा, निवासी कस्बा रिठौरा, ने बताया कि खाता संख्या 602, गाटा संख्या 462 तथा खाता संख्या 603, गाटा संख्या 461 की कृषि भूमि की पैमाइश कराने के एवज में राजस्व निरीक्षक नरेन्द्र पाल गंगवार द्वारा 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा।
आरोपी की पहचान
नरेन्द्र पाल गंगवार, निवासी ग्राम मुड़िया तेली, थाना नवाबगंज, जनपद बरेली – वर्तमान में राजस्व निरीक्षक, तहसील सदर के पद पर कार्यरत थे। अब उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।