आगरा की गिहारा बस्ती में माता महारानी मंदिर का जीर्णोद्धार के साथ आस्था का पुनर्जागरण
आगरा। गिहारा बस्ती में आस्था और एकता का अनुपम उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब विजय साप्ताहिक मिलन शाखा के प्रयासों से माता महारानी मंदिर का भव्य जीर्णोद्धार कर उसे दिव्य स्वरूप प्रदान किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर का लोकार्पण श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को धार्मिक ऊर्जा से भर दिया।
मंदिर का लोकार्पण मुख्य अतिथि धर्मेंद्र कुमार, विशिष्ट अतिथि निर्मल गिरी एवं सतीश चंद्र अग्रवाल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर महंत किशनचंद्र शास्त्री ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
ब्रज प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि माता महारानी मंदिर का यह जीर्णोद्धार ईश्वरीय कृपा का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के बाद आगरा में यह माता महारानी का दूसरा प्रमुख मंदिर है। उन्होंने समाज में एकता पर जोर देते हुए कहा कि भेदभाव से समाज कमजोर होता है और सभी को मिलकर अपनी परंपराओं को सशक्त बनाना चाहिए।
महंत निर्मल गिरी ने जानकारी दी कि जीर्णोद्धार से पहले लगभग 50 गज में बने इस मंदिर की दीवारें जर्जर हो चुकी थीं, जबकि फर्श और छत भी क्षतिग्रस्त अवस्था में थीं। विजय साप्ताहिक मिलन शाखा, जो पिछले दस वर्षों से सक्रिय है, ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर इस मंदिर को गिहारा समाज को समर्पित किया है। निर्माण सामग्री शाखा द्वारा उपलब्ध कराई गई, जबकि समाज के लोगों ने श्रमदान कर इसे भव्य रूप दिया।
कार्यक्रम का संचालन अनिल अग्रवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बस्ती के सरपंच भजन लाल ने दिया। इस अवसर पर नगर कार्यवाहक गोपाल दास, डॉ. अनुपम गुप्ता, हरिओम अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, अशोक कुलश्रेष्ठ, सिद्धार्थ अग्रवाल, अमित बंसल, हिमांशु केडवानी, मंगल सिंह, रौनक बंसल, उदित सिंह, चंद्रेश वर्मा, संजय अग्रवाल, संजय राय, नितिन गोयल, राजेश खुराना सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।