रंगों में रचा संस्कार: आगरा में 128 छात्र-छात्राओं ने चित्रों से दिया गर्भ संस्कार का सशक्त संदेश, सुमन प्रथम
गर्भ संस्कार के महत्व को समाज तक पहुंचाने के उद्देश्य से चित्रलेखा विलेज ऑफ आर्ट सोसायटी आगरा द्वारा गर्भाधान संस्कार विषयक अंतर महाविद्यालयी चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 128 छात्र-छात्राओं ने अपनी रंग-रेखाओं के माध्यम से स्वस्थ, संस्कारित और श्रेष्ठ संतान की अवधारणा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
आगरा। गर्भ संस्कार द्वारा शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक रूप से श्रेष्ठ संतान की प्राप्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से श्री चंद्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट द्वारा प्रताप नगर में संचालित आधुनिक सुविधाओं से युक्त गर्भ संस्कार एवं मेटरनिटी होम में एक विशेष सांस्कृतिक पहल की गई। इसी क्रम में चित्रलेखा विलेज ऑफ आर्ट सोसायटी आगरा के सहयोग से गर्भाधान संस्कार विषय पर अंतर महाविद्यालयी चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में आगरा कॉलेज, सेंट जॉन्स कॉलेज, बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय, बीडी जैन गर्ल्स डिग्री कॉलेज, संत रामकृष्ण कन्या महाविद्यालय, ललित कला संस्थान और डीईआई सहित विभिन्न महाविद्यालयों के कुल 128 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। छात्र-छात्राओं ने अपनी चित्रकला के माध्यम से गर्भ संस्कार का अमूल्य और गहन संदेश प्रस्तुत किया। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
निर्णायक मंडल में ललित कला संस्थान की पूर्व निदेशक एवं चित्रलेखा विलेज ऑफ आर्ट सोसायटी आगरा की संस्थापक डॉ. चित्रलेखा सिंह के निर्देशन में डॉ. सुनीता गर्ग और डॉ. सरोज भार्गव शामिल रहीं। निर्णायकों के निर्णय अनुसार बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय की सुमन को प्रथम पुरस्कार, संत रामकृष्ण कन्या महाविद्यालय की कोमल वोरा को द्वितीय तथा बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय की फायका रजीन को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त संत रामकृष्ण कन्या महाविद्यालय की रशिता धमानिया एवं तान्या शाक्य, ललित कला संस्थान की सीमा, दीपांशी और झुमौना, सेंट जॉन्स कॉलेज के आनंद सिंह और चहक अग्रवाल, आगरा कॉलेज की राखी कुमारी, मंगलायतन की खुशी अग्रवाल तथा बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय की सृष्टि माहौर को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता स्थल पर सभी प्रतिभागियों के चित्रों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में राज्य ललित कला अकादमी की सदस्य डॉ. आभा गुप्ता, एसएन मेडिकल कॉलेज की पूर्व प्राचार्य डॉ. सरोज सिंह, टीयर्स की निदेशक डॉ. रीता अग्रवाल, महिला शांति सेना की वत्सला प्रभाकर और समाजसेवी शीला बहल ने विजेता एवं प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।
श्री चंद्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल एड., कार्यक्रम संयोजक राजीव जैन, नूतन ज्योति, सचिन गोयल, उषा अग्रवाल, संगीता जैन और पारुल जैन ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन नूतन ज्योति ने किया। इस अवसर पर डॉ. जागृति अग्रवाल, संस्कार भारती के नंदनंदन गर्ग और ओमस्वरूप गर्ग भी उपस्थित रहे।