यूपी में सड़क हादसेः बस में लगी आग में तीन जिंदा जले, एटा में ट्रक ने दो बाइकों को रौंदा, तीन युवकों की मौत
उत्तर प्रदेश में सोमवार-मंगलवार की रात में दो बड़े सड़क हादसे हुए। बलरामपुर और एटा में हुए दो भीषण हादसों ने न सिर्फ कई परिवारों को उजाड़ दिया, बल्कि तेज रफ्तार, लापरवाही और अव्यवस्थित सड़क परिवहन प्रणाली पर गम्भीर सवाल भी खड़े कर दिए।
बलरामपुर: ट्रक की टक्कर के बाद बस में करंट फैलने से लगी आग, तीन की मौत, 24 झुलसे
बलरामपुर जिले के फुलवरिया चौराहे पर रात करीब ढाई बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। सोनोली से दिल्ली जा रही निजी बस को तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस पास लगे ट्रांसफॉर्मर के खंभे से भिड़ गई, जिससे हाई-वोल्टेज बिजली के तार बस पर गिर पड़े।
कुछ ही क्षणों में बस में करंट फैल गया और आग ने भयावह रूप ले लिया। आग की चपेट में आकर बस में सवार तीन यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 24 यात्री गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें से छह की हालत नाज़ुक बताई जा रही है।
हादसे के वक्त बस में लगभग चार दर्जन यात्री सवार थे। कई लोग शीशे तोड़कर बाहर निकलने में सफल रहे। स्थानीय लोगों ने भी साहस दिखाते हुए यात्रियों को बचाने में मदद की। फायर सर्विस ने कड़ी मशक्कत के बाद बस और ट्रक में लगी आग पर काबू पाया।
टक्कर के बाद ट्रक भी पलट गया था, और जब उसे क्रेन से उठाया गया, तो उसके नीचे से एक शव मिला, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाज़ा लगाया जा सकता है।
एटा में अनियंत्रित ट्रक ने दो बाइकों को रौंदा, तीन की मौत
एटा जिले के मिरहची थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने दो बाइकों पर सवार चार लोगों को बेरहमी से कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के हिस्से कई मीटर तक सड़क पर बिखर गए और तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान वैभव जैन (35), उपेंद्र चौहान (43) और आकाश के रूप में हुई है। हादसे का शिकार चारों युवक कासगंज से एटा की ओर लौट रहे थे। पीछे से आते ट्रक ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी और भागने की कोशिश में दूसरी बाइक को भी उड़ा दिया।
ट्रक बाइकों को कई किलोमीटर तक घसीटता हुआ आगे बढ़ता रहा। राहगीरों की चीख–पुकार और सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा, जहां तीन को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।