रामबाग चौराहे पर सड़क बनी अखाड़ा, मामूली टक्कर के बाद जमकर मारपीट, जाम, पुलिस रही नदारद
आगरा। आगरा के व्यस्ततम रामबाग चौराहे पर रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो कारों की मामूली टक्कर के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। टक्कर के तुरंत बाद दोनों कारों में सवार लोग सड़क पर उतर आए और आपस में गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते चौराहा रणक्षेत्र में बदल गया और राहगीरों में दहशत फैल गई।

मारपीट और हंगामे के कारण करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लगभग एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। आम लोग जाम में फंसे रहे और कई वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने पड़े।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घटनास्थल के पास ही पुलिस चौकी मौजूद होने के बावजूद पुलिसकर्मी मौके पर हस्तक्षेप करते नजर नहीं आए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिसकर्मी काफी देर तक मूक दर्शक बने रहे, जिससे विवाद और बढ़ता चला गया। इस दौरान कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बीच सड़क पर लोग एक-दूसरे से भिड़े हुए हैं और यातायात पूरी तरह बाधित है। घटना के बाद पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल, पुलिस की ओर से मामले की जांच और वीडियो के आधार पर कार्रवाई की बात कही जा रही है।