दो शूटर्स के मारे जाने पर रोहित गोदारा भड़का, बोला- यह सनातन की हार, बदला लेने का ऐलान

बरेली में अभिनेत्री दिशा पटानी के घर पर फायरिंग करने वाले दो बदमाशों के मारे जाने के बाद गैंगस्टर रोहित गोदारा भड़क उठा है। उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर धमकी दी है कि यह एनकाउंटर नहीं बल्कि सनातन की हार है और इस खून का बदला लिया जाएगा। गोदारा की यह धमकी पटानी परिवार पर फिर से तनाव का साया डाल रही है। रोहित गोदारा के ऐलान से पटानी परिवार एक बार फिर भय और तनाव में है, जबकि एसटीएफ व बरेली पुलिस 11 सितंबर की रात को गोली चलाने वालों की तलाश में जुटी हुई है।

Sep 18, 2025 - 14:10
 0
दो शूटर्स के मारे जाने पर रोहित गोदारा भड़का, बोला- यह सनातन की हार, बदला लेने का ऐलान

12 सितंबर की रात लगभग तीन बजे अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित पैतृक घर पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाईं थीं। यह हमला उस परिवार पर किया गया जहां अभिनेत्री दिशा पटानी की बड़ी बहन और सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी खुशबू पटानी अपने पिता जगदीश पटानी व अन्य परिजन के साथ रहती हैं। घटना से पहले 11 सितंबर की रात भी उसी घर पर एक गोली चली चुकी थी। पुलिस ने बताया है कि 11 सितंबर की रात की यह घटना गोल्डी बराड़ गैंग के बागपत निवासी नकुल और विजय ने अंजाम दी थी।

12-13 सितंबर की रात हुए हमले की जिम्मेदारी रोहित गोदारा व गोल्डी बराड़ गैंग ने ली थी और सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि संत प्रेमानंद महाराज और कथावाचक अनिरुद्धाचार्य की टिप्पणियों से नाराज होकर जगदीश सिंह पटानी के घर पर फायरिंग की गई। पोस्ट में यह भी लिखा गया था कि यह केवल एक ट्रेलर है और अगली बार ऐसी हरकत दोहराई गई तो किसी को जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा।

वारदात के बाद से ही हमलावरों की तलाश की जा रही थीथ दिल्ली पुलिस और यूपी एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में फायरिंग के दोनों आरोपी हरियाणा के रविंद्र और अरुण कल गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी में मारे गए थे। इस एनकाउंटर के बाद रोहित गोदारा ने आज सुबह फेसबुक पर लिखा- ‘हमारे जो दो शूटर्स मारे गये हैं, हम इसका बदला लेंगे। ये एनकाउंटर हमारे जीवन की बहुत बड़ी क्षति है। ये ढेर नहीं, शहीद हुए हैं। इन भाइयों ने धर्म के लिए अपना बलिदान दिया है।‘

रोहित गोदारा ने आगे लिखा, ‘अरे, कुछ तो शर्म करो। एक मुंह से तुम सनातन सनातन चिल्लाते हो। जो सनातन के लिए लड़ाई लड़े, उसे मार दिया जाता है। ये इंसाफ नहीं है। ये जितने भी सनातन का नाम लेकर घूम रहे हैं, ये सिर्फ अपनी रोटी सेंक रहे हैं। ये एनकाउंटर नहीं, सनातन की हार हुई है। धर्म के लिए लड़ने वालों को इस हिंदुस्तान में मार दिया जाता है। अगर तुम इतने सच्चे हो तो उठाओ मुद्दा। हमारे शहीद भाइयों को इंसाफ दिलाओ। बाकी मैं पूरे देश को ये बता देना चाहता हूं कि ये सनातन की आड़ में एक धंधा चला है। हम वो काम कर सकते हैं, जिसकी ये कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। इसमें जिसका भी हाथ है, वो चाहे कितना भी पैसे वाला हो या पॊवर वाला हो, वक्त लग सकता है, माफी नहीं।‘

12 सितंबर की रात को तीन बजे अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित पैतृक घर पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग ने ही ली थी। उस समय सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा गया था कि संत प्रेमानंद महाराज और कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज पर टिप्पणी से नाराज होकर जगदीश सिंह पटानी के घर पर फायरिंग को अंजाम दिया गया है। यह सिर्फ एक ट्रेलर है। अगली बार ऐसी हरकत दोहराई गई तो किसी को जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा।

यह भी खुलासा हुआ है कि दिशा पटानी के घर पर 12 सितंबर से एक दिन पहले 11 सितम्बर की रात को भी एक गोली चलाई गई थी। इस घटना को गोल्डी बराड़ गैंग के बागपत निवासी नकुल और विजय ने अंजाम दिया था। अब एसटीएफ और बरेली पुलिस इन दोनों बदमाशों की तलाश कर रही है। एक अन्य शूटर के बारे में जानकारी मिली है, जो इन दिनों बीमार बताया गया है।

गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा के निशाने पर दिशा पटानी का परिवार इसलिए आ गया क्योंकि दिशा पटानी की बहन खुशबू पटानी, जो इंडियन आर्मी की सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, ने संत प्रेमानंद महाराज और कथावाचक अनिरुद्धाचार्य की उनके उन बयानों के लिए कड़ी आलोचना की थी, जिसमें उन्होंने लिव इन रिलेशनशिप को लेकर लड़कियों को आड़े हाथ लिया था। अनिरुद्धाचार्य ने तो यहां तक कह दिया था कि 25 साल की लड़की शादी होकर आती है तब तक वह दो चार जगह मुंह मार चुकी होती है। संत प्रेमानंद महाराज ने भी कुछ इसी तरह का बयान दिया था।

खुशबू पटानी ने इसके लिए बहुत कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि ऐसे लोगों का मैं मुंह तोड़ दूंगी। ये लोग राष्ट्र विरोधी हैं। इनकी सोच घटिया है। खुशबू ने यह भी कहा था कि ऐसे बयान देने वालों को समाज के नामर्द फॉलो कर रहे हैं।

खुशबू पटानी की इन्हीं बातों को आधार बनाकर रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग ने बरेली में उस घर पर गोलियां चलवाई थीं, जहां खुशबू पटानी अपने पिता जगदीश पटानी और परिवार के अन्य लोगों के साथ रहती हैं।

फायरिंग की इस घटना के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिशा पटानी के पिता जगदीश सिंह पटानी से फोन पर बात कर उन्हें भरोसा दिया था कि सरकार उन्हें पूरी सुरक्षा देगी। इसके बाद सीएम ने एसटीएफ को इन हमलावरों को तलाशने का टास्क दिया था, जिनमें से दो रविंद्र और अरुण कल गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी में पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं। इसी को लेकर रोहित गोदारा ने बदला लेने की धमकी दी है। इससे एक बार फिर पटानी परिवार तनाव में आ गया है।

SP_Singh AURGURU Editor