रोटरी क्लब ऑफ आगरा डिवाइन ने छात्राओं को दी सेहत की दिशा, कैंसर और महिला रोगों पर खुलकर चर्चा
रोटरी क्लब ऑफ आगरा डिवाइन ने गुरुवार को जागरूकता शिविर आयोजित कर छात्राओं और महिला शिक्षिकाओं को महिला रोगों तथा कैंसर के प्रति जागरूक किया। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने न केवल जानकारी दी, बल्कि छात्रों के सवालों के जवाब देकर भ्रांतियों को भी दूर किया।
आगरा। रोटरी क्लब ऑफ आगरा डिवाइन द्वारा सिकंदरा कैलाश मोड़ स्थित श्री गेंदालाल इंटर कॉलेज और एसकेडी कान्वेंट स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं और महिला शिक्षिकाओं को महिला स्वास्थ्य, रोगों की रोकथाम और कैंसर से बचाव के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई।
शिविर का शुभारंभ वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ, आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के सचिव एवं रोटरी क्लब ऑफ आगरा डिवाइन के अध्यक्ष डॉ. अनुपम गुप्ता, वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. समीक्षा गुप्ता, वरिष्ठ कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. उमा शर्मा, विद्यालय निदेशक डॉ. मुकेश शर्मा और शिवानी शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. समीक्षा गुप्ता ने महिलाओं से जुड़े सामान्य रोगों, हार्मोनल बदलाव, पीसीओडी, एनीमिया, मासिक धर्म स्वच्छता और नियमित जांच की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। वहीं वरिष्ठ कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. उमा शर्मा ने सर्वाइकल कैंसर, स्तन कैंसर, शुरुआती लक्षण, जांच की विधियां और वैक्सीनेशन के महत्व पर विशेष जोर दिया।
चिकित्सकों ने छात्राओं को जीवनशैली में सुधार, सही आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर मेडिकल चेकअप की सलाह दी। शिविर के दौरान छात्राओं और शिक्षिकाओं ने अपने सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सहज और वैज्ञानिक तरीके से समाधान किया।
अध्यक्ष डॉ. अनुपम गुप्ता ने बताया कि रोटरी क्लब ऑफ आगरा डिवाइन समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है और भविष्य में भी ऐसे सार्थक कार्यक्रम जारी रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय निदेशक डॉ. मुकेश शर्मा और शिवानी शर्मा ने सभी अतिथियों और डॉक्टरों का आभार व्यक्त किया।