सर्वाइकल कैंसर से को रोटरी क्लब रॉयल ने छात्राओं को दी एचपीवी वैक्सीन की आखिरी खुराक

आगरा। रोटरी क्लब आगरा रॉयल द्वारा चलाए जा रहे सर्वाइकल कैंसर जागरूकता एवं टीकाकरण अभियान के तहत शनिवार को रामवेद अस्पताल में आयोजित शिविर में 50 छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन की तीसरी और अंतिम खुराक दी गई, जिससे उन्हें गंभीर बीमारी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच मिला।

Nov 23, 2025 - 12:59
 0
सर्वाइकल कैंसर से को रोटरी क्लब रॉयल ने छात्राओं को दी एचपीवी वैक्सीन की आखिरी खुराक
रोटरी क्लब आगरा रॊयल द्वारा रामवेद अस्पताल में आयोजित किये गये शिविर की एक झलक।

सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम को लेकर रोटरी क्लब आगरा रॉयल लगातार उल्लेखनीय प्रयास कर रहा है। इस दिशा में क्लब ने डॉ. सुरभि मित्तल, प्रोफेसर एवं हेड, डिपार्टमेंट ऑफ ऑन्कोलॉजी, एस.एन. मेडिकल कॉलेज, के साथ मिलकर जागरूकता और टीकाकरण अभियान की शुरुआत की थी। यह पहल रोटरी वर्ष 2024-25 की अध्यक्ष संगीता अग्रवाल के नेतृत्व में शुरू हुई और वर्तमान वर्ष 2025-26 में अध्यक्ष मीरा गुप्ता इसे और गति प्रदान कर रही हैं।

आगरा जैसे रूढ़िवादी इलाकों में एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर कई गलतफहमियां थीं। इन भ्रांतियों को दूर करने के लिए रोटरी क्लब ने विभिन्न कन्या विद्यालयों में जागरूकता शिविर आयोजित किए, जहां डॉ. सुरभि मित्तल ने छात्राओं और उनके अभिभावकों को एचपीवी, उसके जोखिम और वैक्सीन के लाभों के बारे में सरल और वैज्ञानिक जानकारी दी।
इसके साथ ही, जागरूकता फैलाने और सकारात्मक संदेश लोगों तक पहुंचाने के लिए स्थानीय मीडिया का भी प्रभावी सहयोग लिया गया, जिससे वैक्सीनेशन को लेकर फैली नकारात्मकता में कमी आई।

इन प्रयासों का असर यह रहा कि इस वर्ष रोटरी क्लब आगरा रॉयल ने आगरा के विभिन्न सरकारी विद्यालयों की 150 से अधिक छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन लगाने में सफलता हासिल की। क्लब का कहना है कि यह सिर्फ एक वैक्सीनेशन अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को गंभीर बीमारी के खतरे से बचाने का मिशन है।

इसी कड़ी में शनिवार 22 नवंबर 2025 को रोटरी क्लब आगरा रॉयल द्वारा रामवेद हॉस्पिटल में एक और टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया। इसमें गणेशराम नगर बालिका विद्या मंदिर, बल्केश्वर की 50 छात्राओं को वैक्सीन की तीसरी और अंतिम डोज़ दी गई।
टीकाकरण का कार्य डॉ. सुरभि मित्तल ने किया जबकि डॉ. जॉली गोयल ने सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष मीरा गुप्ता ने सभी डॉक्टरों, सहयोगियों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रोटरी क्लब आगरा रॉयल का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

शिविर में पूर्व अध्यक्ष संगीता अग्रवाल, अध्यक्ष-निर्वाचित हेमलता जैन, सृष्टि जैन, नीतू अग्रवाल, डॉ. आलोक मित्तल, आशीष अग्रवाल सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor