छत्तीसगढ़ जम्बूरी में आगरा कॉलेज के रोवर रेंजर्स का परचम, द्वितीय स्थान से बढ़ाया मान
छत्तीसगढ़ में आयोजित रोवर–रेंजर जम्बूरी में आगरा कॉलेज, आगरा के रोवर रेंजर्स दल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना के प्रभावी प्रदर्शन से दल ने न केवल आयोजकों की सराहना बटोरी, बल्कि महाविद्यालय का गौरव भी बढ़ाया।
आगरा। आगरा कॉलेज, आगरा के रोवर रेंजर्स दल ने छत्तीसगढ़ में आयोजित रोवर–रेंजर जम्बूरी में शानदार प्रदर्शन कर द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान दल ने अनुशासन, समन्वय, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट परिचय दिया, जिसकी आयोजकों द्वारा विशेष रूप से प्रशंसा की गई।
समग्र परिणामों में उत्तर प्रदेश रेंजर्स ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि उत्तर प्रदेश रोवर्स ने द्वितीय स्थान हासिल कर प्रदेश के सशक्त और संगठित प्रदर्शन को रेखांकित किया। यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश के रोवर–रेंजर आंदोलन की मजबूती और युवाओं की सक्रिय सहभागिता का प्रमाण है।
आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने रोवर रेंजर्स दल को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की सतत मेहनत, अनुशासन और महाविद्यालय में उपलब्ध सकारात्मक शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय वातावरण का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन प्रत्येक क्षेत्र में सतत सुधार, गुणवत्ता संवर्धन और उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
रोवर रेंजर्स दल की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है और विद्यार्थियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिली है।