बिजली के तार पर बवाल, बीच-बचाव बना काल, आगरा के पावावली गांव में पीट-पीटकर हत्या

आगरा। आगरा में गुरुवार सुबह एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बिजली के तार डालने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि बीच-बचाव करने पहुंचे एक व्यक्ति को अपनी जान गंवानी पड़ी। यह सनसनीखेज घटना बमरौली कटारा थाना क्षेत्र के पावावली गांव की है, जहां लाठी-डंडों से पीट-पीटकर भूरी सिंह (50) की हत्या कर दी गई।

Jan 8, 2026 - 12:42
 0
बिजली के तार पर बवाल, बीच-बचाव बना काल, आगरा के पावावली गांव में पीट-पीटकर हत्या
मृतक भूरी सिंह का फाइल फोटो।

गाली-गलौज रोकने पहुंचे दुकानदार की लाठी-डंडों से मौत, गांव में तनाव का माहौल

आगरा। आगरा में गुरुवार सुबह एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बिजली के तार डालने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि बीच-बचाव करने पहुंचे एक व्यक्ति को अपनी जान गंवानी पड़ी। यह सनसनीखेज घटना बमरौली कटारा थाना क्षेत्र के पावावली गांव की है, जहां लाठी-डंडों से पीट-पीटकर भूरी सिंह (50) की हत्या कर दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 7 बजे गांव की रहने वाली पूनम और गोलो बिजली के खंभे से अपने घर की ओर तार डाल रही थीं। इसी दौरान दूसरे पक्ष के रामकिशन और बाचा राम वहां पहुंचे और इसका विरोध करने लगे। पहले कहासुनी हुई, फिर देखते ही देखते मामला गाली-गलौज और धक्का-मुक्की तक पहुंच गया।

विवाद की आवाज सुनकर पास में ही रहने वाले भूरी सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की और गाली-गलौज बंद करने को कहा। लेकिन उनका हस्तक्षेप आरोपियों को नागवार गुजरा। आरोप है कि रामकिशन और बाचा राम ने लाठी-डंडों से भूरी सिंह पर हमला कर दिया।

अचानक हुए इस हमले में भूरी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उन्होंने घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

परिजनों ने बताया कि भूरी सिंह घर पर ही परचून की छोटी दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी कोई संतान नहीं थी, इसलिए उन्होंने अपने बड़े भाई के बेटे रामू को गोद लिया था। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में कोहराम मचा हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना बमरौली कटारा के थानाध्यक्ष हरीश कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हालात को संभालते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए आगरा भेज दिया।

थानाध्यक्ष हरीश कुमार शर्मा ने बताया कि फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गांव में शांति बनाए रखने के लिए सतर्कता बरत रही है।