सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर बवाल: एसडीएम की मौजूदगी में दो पक्ष भिड़े

पिनाहट (आगरा)। सरकारी नाले और रास्ते की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर रविवार को गांव चचिहा मार्ग नयापुरा के पास जमकर बवाल हो गया। सरकारी जमीन की स्थिति का निरीक्षण करने पहुंची राजस्व विभाग की टीम और एसडीएम की मौजूदगी में दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि बात मारपीट और खुलेआम धमकियों तक पहुंच गई।

May 27, 2025 - 12:04
 0
सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर बवाल: एसडीएम की मौजूदगी में दो पक्ष भिड़े
पिनाहट क्षेत्र के गांव चचिहा मार्ग नयापुरा में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले को शांत कराते हुए।  

स्थिति उस वक्त और गंभीर हो गई जब राजस्व टीम के सामने ही दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लात-घूंसे चलने लगे और गालियों के बीच जमकर हाथापाई हुई। इस झगड़े का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रण में लिया। कुछ असामाजिक तत्वों को मौके से खदेड़ा गया, वहीं कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के नाले और सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसी शिकायत के आधार पर राजस्व विभाग की टीम स्थलीय निरीक्षण करने पहुंची थी। इस दौरान विवाद हो गया। पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।

SP_Singh AURGURU Editor