रूनकता पुलिस ने घनी आबादी में चल रहे गैस रिफिलिंग के गोरखधंधे का किया पर्दाफाश, 27 सिलेंडर जब्त
आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रूनकता क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गैस रिफिलिंग के गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया है। घनी आबादी के बीच मकान में चल रही इस खतरनाक गतिविधि से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।
आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रूनकता क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गैस रिफिलिंग के गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया है। घनी आबादी के बीच मकान में चल रही इस खतरनाक गतिविधि से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।
इंस्पेक्टर प्रदीप त्रिपाठी के नेतृत्व में चौकी इंचार्ज रूनकता नीलेश शर्मा ने पुलिस टीम के साथ छापा मारकर कार्रवाई की। मौके से पुलिस ने 27 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। इनमें घरेलू और व्यावसायिक दोनों प्रकार के सिलेंडर शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से बिचपुरी गैस एजेंसी में काम करने वाले हौकर को गिरफ्तार किया है, जो सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग का काम कर रहा था। बताया गया है कि आरोपी लंबे समय से यह काम कर रहा था और गैस एजेंसी के नाम पर लोगों को सस्ते गैस सिलेंडर देने का लालच देकर रिफिलिंग करता था।
पुलिस के अनुसार, थोड़ी सी लीक या चिंगारी से यहां भीषण विस्फोट हो सकता था, जिससे आस-पास के कई घरों को नुकसान पहुँच सकता था। फिलहाल पुलिस ने सभी सिलेंडर जब्त कर लिए हैं और आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम व गैस वितरण कानून के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर प्रदीप त्रिपाठी ने बताया कि इस प्रकार के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे इस तरह की गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।