286 पेड़ों पर अटका रनवे का निर्माण, आगरा न्यू सिविल एन्कलेव परियोजना में देरी
आगरा। न्यू सिविल एन्कलेव परियोजना का कार्य 286 वृक्षों की वजह से अटका हुआ है। इन पेड़ों को हटाने की अनुमति अभी तक न मिलने के कारण रनवे निर्माण का टेंडर तक जारी नहीं हो सका है। उच्चतम न्यायालय में इस मामले की सुनवाई लंबित है, जिससे परियोजना की रफ्तार पर सीधा असर पड़ा है। यह जानकारी हवाई अड्डा प्राधिकरण के महाप्रबंधक प्रोजेक्ट ने मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में लघु सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में दी।
न्यायालय में फंसा पेड़ों का मामला
महाप्रबंधक ने बताया कि लगभग 286 पेड़ परियोजना के विकास में बाधा बने हुए हैं। इन्हें हटाए जाने की अनुमति उच्चतम न्यायालय से मिलनी है। क्लीयरेंस न मिलने से रनवे निर्माण का टेंडर जारी नहीं हो पा रहा है। इस पर मंडलायुक्त ने वन विभाग को प्रकरण का फॉलोअप लेने और अगली सुनवाई में मजबूती से पैरवी करने के निर्देश दिए।
वैकल्पिक रूट और ड्रेनेज सिस्टम
बैठक में सिविल एन्कलेव के आसपास के गांवों को जाने वाले रास्तों के डायवर्जन पर भी चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने पीडब्ल्यूडी विभाग को वैकल्पिक मार्ग चिन्हित कर उसका जीर्णोद्धार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेरिया मोड़ से न्यू सिविल एन्कलेव तक ड्रेनेज सिस्टम का विकास कराया जाए और एप्रोच रोड को दुरुस्त किया जाए।
मॉडल रोड और विकास कार्य
मंडलायुक्त ने पीडब्ल्यूडी के मॉडल रोड प्रस्ताव को शासन को भिजवाने का निर्देश दिया। साथ ही एडीएम नगर को हिदायत दी कि सभी कार्यदायी संस्थाओं के साथ समन्वय बैठक कर संपूर्ण विकास की रूपरेखा बनाई जाए। इसमें सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, ब्यूटीफिकेशन और जल आपूर्ति पाइपलाइन डालने के कार्य शामिल किए जाएं।
बैठक में मौजूद रहे ये अधिकारी
बैठक में हवाई अड्डा प्राधिकरण के महाप्रबंधक प्रोजेक्ट अनूप चंद श्रीवास्तव, एडीएम नगर यमुनाधर चौहान, पीडब्ल्यूडी मुख्य अभियंता एनके यादव, डीवीवीएनएल मुख्य अभियंता कपिल सिंधवानी, एनएचएआई से प्रतीक्षा जैन, एसडीएफओ अरविंद कुमार मिश्र समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।