भारत के सचिन यादव को एशियाई जेवलिन थ्रो में रजत
नई दिल्ली। एशियन एथलेक्टिक्स चैंपियनशिप में जेवलिन थ्रो के फाइनल में भारत के सचिन यादव ने सिल्वर मेडल हासिल किया है। पाकिस्तान के अरशद नदीम इस टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी हैं। भारत के सचिन यादव सिर्फ कुछ मीटर के अंतर से गोल्ड मेडल जीतने से चूक गए। इस प्रतियोगिता में ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने हिस्सा नहीं लिया।
पाकिस्तानी एथलीट अरशद नदीम ने अपने छठे थ्रो में 86.40 मीटर दूरी का भाला फेंका और एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में अरशद नदीम का पहला थ्रो केवल 75.45 मीटर का ही था लेकिन पेरिस ओलंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट ने अपने खेल को सुधारते हुए अपना आखिरी जेवलिन थ्रो 86.40 मीटर दूर फेंका।
भारत के सचिन यादव ने अरशद नदीम को कड़ी टक्कर दी और इस स्पर्धा में अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो 85.16 मीटर भाला फेंका। ये थ्रो सचिन का निजी तौर पर बेस्ट थ्रो भी बना। अपने करियर का बेस्ट थ्रो करने के साथ ही सचिन ने भारत के लिए रजत पदक हासिल किया। वहीं एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जेवलिन थ्रो के टॉप 5 में भारत के दो खिलाड़ी शामिल हुए। भारत के ही यशवीर सिंह इस प्रतियोगिता में पांचवें स्थान पर रहे। यशवीर सिंह ने 82.57 मीटर दूरी का भाला फेंका।
जापानी एथलीट युता साकियामा इस प्रतियोगिता में पाकिस्तान के अरशद नदीम और भारत के सचिन यादव से काफी पीछे चल रहे थे लेकिन अपने आखिरी थ्रो में साकियामा ने 83.75 मीटर दूरी का भाला फेंककर कांस्य पदक पर कब्जा कर लिया। इस टूर्नामेंट में श्रीलंका के पथिरेज चौथे स्थान पर रहे। श्रीलंकाई एथलीट ने 83.27 मीटर की दूरी का थ्रो किया।