शहादत को सलाम, इंकलाब को प्रणाम: आगरा में नूरी दरवाजा पर शहीद भगत सिंह को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

आगरा। शहीद दिवस के अवसर पर आगरा में देशभक्ति का जज्बा चरम पर नजर आया। अमर क्रांतिकारी भगत सिंह की पुण्यतिथि पर नूरी दरवाजा स्थित उनके स्मारक पर आगरा व्यापार मंडल और शहीद भगत सिंह पेठा कुटीर संगठन द्वारा संयुक्त रूप से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर शहीदों के बलिदान को नमन किया।

Mar 23, 2026 - 18:58
 0
शहादत को सलाम, इंकलाब को प्रणाम: आगरा में नूरी दरवाजा पर शहीद भगत सिंह को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
नूरी दरवाजा स्थित भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते टीएन अग्रवाल एवं राजेश अग्रवाल व अन्य।

माल्यार्पण और मौन रखकर दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम में आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल और शहीद भगत सिंह पेठा कुटीर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। उपस्थित जनसमूह ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के बलिदान को याद किया।

युवाओं को दिया देशभक्ति का संदेश

टीएन अग्रवाल ने कहा कि भगत सिंह केवल एक नाम नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे उनके आदर्श—देशप्रेम, निडरता और त्याग—को अपने जीवन में अपनाएं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

आगरा से जुड़ा है भगत सिंह का ऐतिहासिक संबंध

राजेश अग्रवाल ने बताया कि नूरी दरवाजा क्षेत्र का भगत सिंह से ऐतिहासिक संबंध रहा है। क्रांतिकारी गतिविधियों के दौरान उन्होंने यहां रहकर अपनी योजनाओं को आकार दिया था। उन्होंने इस स्थल को संरक्षित और विकसित करने की मांग भी उठाई।

कार्यक्रम में कन्हैया लाल राठौर, राकेश बंसल, देवेंद्र अग्रवाल, साहूकार सिंह चाहर, दिनेश चंद्र शर्मा, अंशुल बंसल, नवीन, हरफूल बघेल, गिरीश सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

SP_Singh AURGURU Editor