मानव गति से मोक्ष संभव: राष्ट्र संत सौरभ मुनि व विज्ञान मुनि के प्रवचनों से आत्मिक चेतना जागृत
आगरा। आध्यात्मिक चेतना और आत्मशुद्धि का संदेश देते हुए श्री आत्म वल्लभ जैन उपाश्रय में आज श्री संघ के सदस्यों ने राष्ट्र संत श्री सौरभ मुनि एवं प्रेरक संत श्री विज्ञान मुनि के प्रेरणादायी प्रवचनों का लाभ लिया। संतों ने मानव जीवन की सार्थकता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संयम, साधना और आत्मअनुशासन के मार्ग पर चलकर मनुष्य मोक्षगति को प्राप्त कर सकता है।
प्रवचनों में गुरुदेव ने फरमाया कि मानव गति ही वह श्रेष्ठ अवस्था है, जिसमें आत्मा को शुद्ध करने, कर्मबंधन काटने और परम लक्ष्य मोक्ष की ओर अग्रसर होने का अवसर मिलता है। सांसारिक मोह से ऊपर उठकर साधना में स्थित होना ही सच्ची मुक्ति का द्वार है।
सभा का शुभारंभ उपप्रधान कीर्ति द्वारा प्रस्तुत भजन से हुआ, जिसने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात सुशील एवं सविता ने भी भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक रस में डुबो दिया।
सभा के समापन पर प्रधान सुरेश जैन (हैप्पी) ने संतों के आगमन को जीवन का सौभाग्य बताया।
संदेश जैन ने बताया कि इस अवसर पर जानकारी दी गई कि अभिषेक मुनि एवं आशीष मुनि आज लोहामंडी से पधार रहे हैं। कल प्रातः 9:30 बजे से वल्लभनगर, बालूगंज उपाश्रय में उनके प्रवचन आयोजित होंगे। सभी श्रद्धालुओं से इन प्रवचनों का अधिकाधिक लाभ लेने का निवेदन किया गया। सचिव अनिल जैन ने सभी का आभार जताया।