आगरा की श्री रामलीला कमेटी में फिर वही ‘कमांड’: विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल अध्यक्ष और राजीव अग्रवाल महामंत्री चुने गये, दोनों की निर्विरोध हुई ताजपोशी

आगरा। उत्तर भारत की सुप्रसिद्ध श्रीराम बरात और भव्य रामलीला के आयोजन के लिए जानी जाने वाली श्रीरामलीला कमेटी में एक बार फिर वही चेहरा शीर्ष पर कायम रहा। मंगलवार शाम श्रीराम स्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित बैठक में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल को लगातार एक और कार्यकाल के लिए अध्यक्ष चुन लिया गया, जबकि महामंत्री पद पर राजीव अग्रवाल का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। दोनों अहम पदों पर एक-एक ही नामांकन आने से चुनाव महज औपचारिकता बनकर रह गया।

Mar 24, 2026 - 19:52
 0
आगरा की श्री रामलीला कमेटी में फिर वही ‘कमांड’: विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल अध्यक्ष और राजीव अग्रवाल महामंत्री चुने गये, दोनों की निर्विरोध हुई ताजपोशी
श्री रामलीला कमेटी के लगातार पांचवीं बार अध्यक्ष चुने गये विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महामंत्री राजीव अग्रवाल का स्वागत करते कमेटी के सदस्य। 

बैठक में कमेटी के सभी प्रमुख सदस्य मौजूद रहे, जहां पहले से भरे गए नामांकन पत्रों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव अधिकारी राम किशन अग्रवाल (रामू) द्वारा पुरुषोत्तम खंडेलवाल और राजीव अग्रवाल को निर्वाचित घोषित किया गया। सह चुनाव अधिकारी भगवान दास बंसल, विष्णु दयाल ने भी चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग किया। अध्यक्ष-महामंत्री के निर्वाचन की घोषणा होते ही बैठक स्थल तालियों से गूंज उठा और दोनों पदाधिकारियों का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया गया।

श्री रामलीला कमेटी में अध्यक्ष और महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर निर्विरोध चुनाव होता आ रहा है। पुरुषोत्तम खंडेलवाल लगातार पांचवीं बार श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष चुने गये हैं। श्रीरामलीला कमेटी का अब तक हर साल चुनाव होता था, लेकिन इस साल से यह चुनाव दो वर्ष के लिए हुआ है। श्री रामलीला कमेटी ने दो वर्षीय चुनाव की व्यवस्था की है। बता दें कि श्रीरामलीला कमेटी वर्षों से आगरा में ऐतिहासिक श्रीराम बरात और भव्य रामलीला का आयोजन करती आ रही है, जिसकी ख्याति पूरे उत्तर भारत में है।

निर्वाचन के बाद कमेटी के सदस्यों ने पुरुषोत्तम खंडेलवाल और राजीव अग्रवाल का फूलमालाओं से स्वागत कर उन्हें बधाई दी। दोनों पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी आयोजन को और अधिक भव्य बनाने का संकल्प दोहराया।

SP_Singh AURGURU Editor