यूपी टी20 लीग में समीर की धमाकेदार पारी, 9 सिक्स और 32 गेंद में 76 रन

उत्तर प्रदेश प्रीमियर लीग में कानपुर सुपरस्टार्स के कप्तान समीर रिजवी अपनी तूफानी बैटिंग से धमाल मचा रहे हैं। रिजवी ने लखनऊ फाल्कन्स के खिलाफ 32 गेंद में 76 रनों की दमदार पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई।

Aug 28, 2025 - 22:05
 0
यूपी टी20 लीग में समीर की धमाकेदार पारी, 9 सिक्स और 32 गेंद में 76 रन

लखनऊ। यूपी टी20 लीग में कानपुर सुपरस्टार्स के कप्तान समीर रिजवी अपनी तूफानी बैटिंग से धूम मचा रहे हैं। टूर्नामेंट के 22वें मैच में लखनऊ फाल्कन्स के खिलाफ समीर ने सिर्फ 32 गेंद की पारी में तबाही मचा दी। समीर की दमदार बल्लेबाजी के कारण ही कानपुर की टीम ने लखनऊ पर 8 विकेट से आसान जीत हासिल की। समीर ने कानपुर के लिए लक्ष्य का पीछा करते हुए 76 रनों की पारी खेली। इस दौरान समीर ने 9 शानदार छक्के भी लगाए। यूपी टी20 लीग के इस सीजन में समीर रिजवी ने तीसरी फिफ्टी लगाई।

इससे पहले उन्होंने गोरखपुर लायंस के खिलाफ 49 गेंद में 93 और मेरठ मैरविक्स के खिलाफ 48 गेंद में नाबाद 78 रन बनाए थे। ऐसे में समीर रिजवी जिस अंदाज में बैटिंग कर रहे हैं उससे विरोधी टीम के गेंदबाजों में एक खौफ का माहौल है। वहीं इस सीजन में समीर की कप्तानी वाली कानपुर सुपरस्टार्स की बात करें तो 8 मैचों उसकी सिर्फ तीसरी जीत थी और पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर हैं।

इकाना स्टेडियम में लखनऊ फाल्कन्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी। पहले बैटिंग करते हुए लखनऊ फाल्कन्स ने आठ विकेट गंवाकर 162 रन बनाए। टीम के लिए ओपनर बल्लेबाज समर्थ सिंह और आराध्य यादव ने 5.2 ओवरों में 43 रन की पार्टनरशिप की। 

आराध्य यादव 44 गेंदों में 59 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में तीन छक्के और छह चौके शामिल थे। वहीं, सैफ ने 31 गेंदों में तीन छक्कों और दो चौकों के साथ 43 रन टीम के खाते में जुटाए। इनके अलावा कृतज्ञ सिंह ने 26, जबकि समीर चौधरी ने 15 रन का योगदान दिया। विपक्षी खेमे से राहुल शर्मा ने सर्वाधिक दो विकेट हासिल किए, जबकि विनीत पंवार, शुभम मिश्रा, दमन दीप सिंह और शौर्य सिंह ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

इसके जवाब में कानपुर सुपरस्टार्स ने 15.4 ओवरों में मुकाबला जीत लिया। टीम को दीपक राजपूत और शौर्य सिंह की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने 5.5 ओवरों में 49 रन जोड़े। दीपक राजपूत 20 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए। कुछ देर बाद शौर्य सिंह भी 36 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। टीम 68 के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों का विकेट गंवा चुकी थी।

यहां से कप्तान समीर रिजवी ने आदर्श सिंह के साथ तीसरे विकेट के लिए 95 रन की अटूट साझेदारी करते हुए सुपरस्टार्स को आसान जीत दिलाई। वहीं, आदर्श सिंह ने 20 गेंदों में 23 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से विपराज निगम और करण चौधरी ने एक-एक विकेट हासिल किया।