संघ भारत का सबसे बड़ा संगठन, भागवत के विचार समाज को जोड़ने वाले- मौलाना शहाबुद्दीन बरेलवी
-आरके सिंह- बरेली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख डॉ. मोहन भागवत के हालिया बयानों को जहां मुस्लिम संगठन निशाने पर ले रहे हैं, वहीं इसके उलट मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष और इस्लामिक स्कॉलर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी उनके समर्थन में सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि आरएसएस भारत का सबसे बड़ा संगठन है, किसी भी धर्म के मानने वालों का इतना बड़ा संगठन अभी तक अस्तित्व में नहीं आया है।
मौलाना ने कहा कि डॉ. भागवत महान शख्सियत और विद्वान व्यक्ति हैं। उनके विचार समाज को जोड़ने वाले हैं। भागवत ने विज्ञान भवन दिल्ली के सम्मेलन में कहा था कि हर मस्जिद के नीचे मंदिर मत तलाशो, हर जगह शिवलिंग मत ढूंढो। साथ ही उन्होंने सभी समुदायों को साथ लेकर चलने की बात कही।
मौलाना रजवी बरेलवी ने विश्वास जताया कि संघ प्रमुख की सकारात्मक सोच से हिन्दू-मुस्लिम तनाव घटेगा और देश में सौहार्द का माहौल मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में मस्जिदों, मदरसों और मजारों को असामाजिक तत्वों ने निशाना बनाया, जिससे हालात बिगड़े। लेकिन भागवत की अपील से उम्मीद जगी है कि अब ऐसे तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगेगा।
उन्होंने कहा कि टकराव और नफरत से न समाज आगे बढ़ सकता है, न ही देश। तरक्की के लिए सभी समुदायों को साथ मिलकर चलना होगा।