संजय प्लेस पार्किंग ठेका स्थगित: निरस्त करने को सदन में प्रस्ताव लाया जाएगा
आगरा। शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र संजय प्लेस में लंबे समय से विवाद और झगड़े का कारण बन रही पार्किंग का ठेका आखिरकार नगर निगम ने स्थगित निरस्त कर दिया है। इसके बाद ठेके को निरस्त करने की प्रक्रिया नगर निगम सदन से पूरी कराई जाएगी।
-नगर आयुक्त ने विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के साथ मिले व्यापारियों और पार्षदों से बातचीत के बाद लिया निर्णय
-हर रोज के झगड़े, मनमानी और अव्यवस्था को लेकर लम्बे समय से ठेके का विरोध कर रहे थे यहां के व्यापारी
ठेकेदार की मनमानी, आम लोगों से दुर्व्यवहार और व्यापारियों की लगातार शिकायतों के बाद आज हुई एक बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस बैठक में व्यापारियों का पक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल कर रहे थे। नगर आयुक्त ने ठेके को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने के साथ ही कहा कि अब नगर निगम के आगामी सदन की बैठक में भी इसे रखा जाएगा, जहां से ठेके का पूर्ण निरस्तीकरण प्रस्ताव पारित कराया जाएगा।
इस अहम निर्णय के पीछे स्थानीय विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, भाजपा के कई वरिष्ठ पार्षद, संजय प्लेस के व्यापारी संगठन की सक्रियता रही। स्वयं नगर आयुक्त भी इस बैठक में मौजूद रहे। निर्णय लेते समय भाजपा के तमाम पार्षद भी उपस्थित थे, जिन्होंने ठेका स्थगित करने और बाद में निरस्त करने के निर्णय का समर्थन किया। व्यापारियों की ओर से आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल भी मौजूद रहे।
बता दें कि बीते कल ही संजय प्लेस की पार्किंग विवाद का अखाड़ा बन गई थी। यहां ठेकेदार के कर्मचारियों ने कर अधिवक्ता शशांक अग्रवाल के साथ मारपीट कर दी थी। दोनों ओर से मारपीट के बाद मामला थाना हरीपर्वत तक पहुंच गया था, जहां घंटों मजमा लगा रहा। व्यापारी एकजुट हो चुके थे। कल ही जिला उद्योग बंधु की बैठक में भी डीएम के समक्ष यह मामला उठा था।
इसी क्रम में आज नगर आयुक्त के साथ विधायक खंडेलवाल, व्यापारियों, पार्षदों की बैठक हुई। विधायक खंडेलवाल ने सवाल उठाया कि एडीए ने जब संजय प्लेस में संपत्तियां आवंटित की थीं, तब पार्किंग समेत अन्य विकास कार्यों का पैसा इन्हीं आवंटियों से वसूल किया था। इसके बाद तो पार्किंग स्थलों पर आवंटियों का हक बनता है, फिर नगर निगम कैसे यहां पार्किंग ठेका चला रहा है।
इस पर नगरायुक्त ने बैठक में स्पष्ट किया कि संजय प्लेस अब एडीए द्वारा नगर निगम को हस्तांतरित किया जा चुका है और इस पर नगर निगम का अधिकार है। उन्होंने आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) द्वारा भेजे गए उस पत्र का भी हवाला दिया, जिसमें कहा गया है कि यह पार्किंग आवंटियों के लिए नहीं है। इसी आधार पर नगर निगम ने यहां पार्किंग का ठेका उठाया है।
इस पर संजय प्लेस के व्यापारियों और विधायक खंडेलवाल ने कहा कि एडीए संजय प्लेस के आवंटियों से पैसा तो वसूल चुका है तो पार्किंग पर आवंटियों का हक क्यों नहीं होगा। विधायक ने कहा कि नगर निगम अब एडीए से भी यही सवाल करे कि जब पैसा लिया जा चुका है तो किस आधार पर पार्किंग का अधिकार नहीं दिया गया? श्री खंडेलवाल ने कहा कि वे भी एडीए अधिकारियों से बात करेंगे।
लम्बी वार्ता के बाद नगर आयुक्त ने संजय प्लेस का पार्किंग ठेका तत्काल प्रभाव से स्थगित करने की घोषणा की और कहा कि इसे स्थायी रूप से निरस्त करने के लिए नगर निगम सदन में प्रस्ताव पखा जाएगा। इससे पहले एडीए, प्रशासन और महापौर से समन्वय कर एक स्पष्ट रद्दीकरण प्रस्ताव तैयार किया जाएगा ताकि भविष्य में संजय प्लेस की पार्किंग व्यवस्था को पारदर्शी, सुविधाजनक और विवादरहित बनाया जा सके।
पार्किंग स्थल बना विवाद स्थल
संजय प्लेस में लंबे समय से पार्किंग ठेकेदारों और आम लोगों के बीच झड़पें होती रही हैं। कभी मनमाने शुल्क को लेकर तो कभी बदसलूकी के कारण विवाद ने तूल पकड़ा। व्यापारी भी लगातार शिकायत कर रहे थे कि ग्राहक पार्किंग विवादों के कारण दुकान तक पहुंचने से कतरा रहे हैं।
अब जबकि ठेका स्थगित किया जा चुका है, व्यापारियों में राहत की भावना है। जल्द ही नगर निगम अपनी सीधी निगरानी में पार्किंग प्रबंधन की योजना बना सकता है, ताकि जनता को सुविधा मिले और कोई विवाद न हो।
इस बैठक के दौरान संजय प्लेस का पार्किंग ठेकेदार भी बैठक कक्ष के बाहर मौजूद था। यह बैठक खत्म होते ही ठेकेदार ने नगर आयुक्त से कहा कि अगर ठेका स्थगित कर दिया है तो उसके जो पैसे नगर निगम में जमा हैं, वे वापस लौटाए जाएं। इस पर नगरायुक्त ने भरोसा दिया।