सरदार पटेल जयंती पर खंदौली से सैमरा तक गूंजी एकता की आवाज़, 7 किमी लंबी भव्य यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
आगरा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को आगरा के खंदौली क्षेत्र में ऐतिहासिक और भव्य एकता यात्रा का आयोजन किया गया। खंदौली से प्रारंभ हुई यह यात्रा 7 किलोमीटर की दूरी तय कर सैमरा में विशाल जनसभा के साथ संपन्न हुई। हजारों की संख्या में पहुंचे पुरुषों, महिलाओं, युवाओं तथा विभिन्न सामाजिक और स्थानीय संगठनों ने यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिसने पूरे क्षेत्र में उत्साह और राष्ट्रीय एकता का संदेश फैलाया।

कार्यक्रम में शामिल प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने सरदार पटेल को भारत की अखंडता का शिल्पकार बताया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोकर आधुनिक भारत की नींव रखी थी। यह एकता यात्रा उनकी विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है। खंदौली की जनता ने जिस उत्साह से सहभागिता की, वह समाज की एकजुटता का अनोखा संदेश है।
केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने सरदार पटेल के जीवन को त्याग, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा समाज में एकता, भाईचारे और राष्ट्रभक्ति का भाव मजबूत करती है। लोगों की भारी भागीदारी सराहनीय है और यह साबित करती है कि सरदार पटेल आज भी देश की धड़कनों में बसते हैं। भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि उत्साहपूर्ण भीड़ यह दर्शाती है कि सरदार पटेल के विचार आज भी युवाओं को नई दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा युवाओं में देशहित, कर्तव्यबोध और एकता की भावना को जगाने में सफल रही।
एत्मादपुर विधायक धर्मपाल सिंह चौहान ने 7 किलोमीटर लंबी इस यात्रा को समाज की एकजुटता और साझा भावना का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि समाज जब एकजुट होता है, तभी विकास और सद्भाव की राह मजबूत होती है। यह आयोजन सरदार पटेल के विचारों को वर्तमान पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कदम है।
यात्रा ने दिया समरसता और सौहार्द का संदेश
खंदौली से सैमरा तक निकली यह भव्य यात्रा पूरे क्षेत्र में एकता, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय समरसता का सशक्त संदेश छोड़ गई। जनसभा में सभी वक्ताओं ने नागरिकों से एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराने का आह्वान किया।