आगरा–ग्वालियर हाईवे पर देर रात आग का तांडव,साड़ी सेंटर जलकर खाक, परिवार ने छत पर कूदकर बचाई जान
मलपुरा थाना क्षेत्र के इटोरा में आगरा–ग्वालियर हाईवे स्थित गंगा साड़ी सेंटर में देर रात शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग में लाखों रुपये का सामान जल गया, हालांकि दुकान मालिक और उनका परिवार समय रहते छत पर कूदकर सुरक्षित बच निकला। फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया।
आगरा। आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र अंतर्गत आगरा–ग्वालियर हाईवे स्थित इटोरा कस्बे में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गंगा साड़ी सेंटर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में शोरूम में रखी लाखों रुपये की साड़ी व कपड़े का सामान जलकर खाक हो गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। यह हादसा रात करीब 3 बजे हुआ, जब शोरूम की ऊपरी मंजिल पर दुकान मालिक भूपेंद्र लवानिया अपने परिवार के साथ सो रहे थे। इसी दौरान उनके बेटे शौर्य की नींद घुटन और धुएं की तेज गंध के कारण खुल गई।
हालात की गंभीरता को भांपते हुए परिवार के सभी सदस्यों ने बिना समय गंवाए जान बचाने के लिए बगल की छत पर छलांग लगाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
परिवार के सुरक्षित निकलते ही दुकान मालिक ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, तब तक पूरा शोरूम जलकर राख में तब्दील हो चुका था।
पीड़ित दुकानदार भूपेंद्र लवानिया ने बताया कि आग में उनका पूरा कारोबार तबाह हो गया है और उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। वहीं, फायर ऑफिसर अभिषेक कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग को आसपास की दुकानों और मकानों तक फैलने से रोक लिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल रहा, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।