आगरा में सर्व सहाय सेवा समिति ने कराया 11 बेटियों का सामूहिक विवाह
आगरा। स्नेह, संस्कार और सामाजिक एकता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए सर्व सहाय सेवा समिति (पंजीकृत) ने रविवार को लोहामंडी स्थित अग्रसेन भवन में अपना 12वां सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया। इस भावनात्मक और गरिमामयी आयोजन में समाज के सहयोग से 11 निर्धन बेटियों का विवाह पूर्ण विधि-विधान और पवित्र वैदिक रीति से संपन्न कराया गया।
मंडप में गूंजते वैदिक मंत्रों के बीच नवविवाहितों को सम्मानित समाजसेवियों और समिति सदस्यों ने गृहस्थी की सामग्री भेंट की। विवाह मंडप में सजी सादगीभरी सजावट और समाज की एकजुटता ने समारोह को विशेष रूप से भावनात्मक बना दिया।
इस समय शहर के प्रतिष्ठित सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख लोग उपस्थित रहे। महंत योगेश पुरी, महंत कपिल नागर, गोपी गुरु, महंत निर्मल गिरी एवं संत बाबा प्रीतम सिंह ने नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद देकर उनके भविष्य को मंगलमय बनाने की कामना की।
कन्यादान सबसे पवित्र कार्य – मुख्य अतिथि
मुख्य अतिथि लायंस इंटरनेशनल के पूर्व डाइरेक्टर जितेंद्र चौहान ने कहा कि यह आयोजन केवल विवाह नहीं, बल्कि समाज की सकारात्मक सोच और सहयोग का प्रतीक है। समिति द्वारा बेटियों के जीवन में खुशियों का यह नया अध्याय खोलना, समाज में समानता और सौहार्द का उदाहरण है।
राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने वीडियो संदेश के माध्यम से अपनी शुभकामनाएं भेजते हुए कहा कि बेटियों को समर्थ बनाना समाज की जिम्मेदारी है।
समाजसेवी सुनील विकल ने कहा कि बेटियों के संरक्षण और सम्मान में हम सब एक हैं। समिति की यह पहल न केवल प्रेरणादायक है बल्कि यह मानवता का अनुपम उदाहरण है।
गौसेवक रामनिवास गुप्ता ने संस्था की नि:स्वार्थ सेवा को महामानवता से जोड़कर सराहा। उन्होंने कहा कि सर्व सहाय सेवा समिति के इस समर्पण से समाज में सकारात्मक एवं सार्थक परिवर्तन आ रहा है।
समिति अध्यक्ष दिलीप कुमार अग्रवाल एडवोकेट, कोषाध्यक्ष सुनील गर्ग और उपाध्यक्ष विनीत अग्रवाल ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि 11 बेटियों के जीवन की सबसे महत्वपूर्ण घड़ी का हिस्सा बनना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। हमारा प्रयास है कि हर बेटी सम्मान, प्रेम और सुरक्षा के वातावरण में आगे बढ़े।
रमन अग्रवाल द्वारा कुशल संचालन किए गए इस समारोह में शहर के अनेक प्रतिष्ठित लोग उपस्थित रहे। आयोजन की व्यवस्था नवीन गुप्ता, अंकित अग्रवाल, स्वेतांक अग्रवाल, आदर्श मैनी, अंकेश जैन, विकास गर्ग, श्याम कुमार सिंघल, पारुल अग्रवाल, मोहिनी अग्रवाल, अंजली गर्ग, निधि अग्रवाल, रीता गुप्ता, पारुल गर्ग आदि ने संभाली।