सौरभ का दुबई में डेढ़ अरब का विला भी है ?
भोपाल। पूर्व परिवहन आरक्षक सौरभ शर्मा की हैसियत के जो नए खुलासे हो रहे हैं, उनके बारे में जानकार सभी दांतों तले उंगली दबाने को विवश हैं। परिवहन के एक कर्मचारी के पास इतनी अकूत दौलत हो सकती है, यह सोच-सोच कर ही लोग दंग हैं। अब नया खुलासा हुआ है कि सौरभ शर्मा के पास दुबई में एक बंगला भी है, जिसकी कीमत लगभग डेढ़ अरब रुपये है।
सौरभ के मामले में जांच एजेंसियों की लापरवाही भी सामने आ रही है। इसकी वजह है कि पूर्व में उसके द्वारा की जाने वाली काली कमाई की शिकायत भी एजेंसियों को की जा रहीं थीं, लेकिन तब उसे गंभीरता से ही नहीं लिया गया, इस मामले का पहले ही खुलासा हो सकता था। वहीं बताया जा रहा है कि सौरभ शर्मा ने दुबई में भी निवेश किया है, यह निवेश एक विला में किया गया है। जिसकी कीमत करीब डेढ़ अरब रुपए बताई जा रही है। हालांकि अभी तक अधिकृत रूप से इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
आपको बता दें कि सौरभ शर्मा ने ज्यादातर संपत्ति पत्नी दिव्या के नाम पर ही खरीदी थीं। सौरभ छापे से चार दिन पहले अपनी पत्नी के साथ दुबई चला गया था। छापा पड़ने की जानकारी के बाद सौरभ वापस नहीं आया है। बताया जा रहा है कि सौरभ शर्मा के भ्रष्टाचार की शिकायतें सीबीआई समेत कई जांच एजेंसियों को लगातार की जा रहीं थीं। लेकिन यह शिकायतें टाल दी गई थी।
सूत्रों के मुताबिक, सौरभ शर्मा के खिलाफ शिकायतों को दबा दिया गया। शिकायत में कहा गया था कि सौरभ शर्मा चेक पोस्टों से पैसे वसूलता था और अधिकारियों तक पहुंचाता था। सौरभ शर्मा के खिलाफ शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं की जा रही थी यह भी अपने आप में बड़ा सवाल है। पूर्व में हुई शिकायतों में कहा गया था कि सौरभ शर्मा द्वारा अरेरा कॉलोनी में एक घर खरीदा गया है। वह इंदौर में एक होटल भी बना रहे हैं। इसके साथ ही, यह भी बताया गया था कि जांच के डर से सौरभ ने अपनी नौकरी भी छोड़ दी है। इसके बाद लोकायुक्त और अन्य एजेंसियों को सौरभ शर्मा की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिल गई थी।