थाईलैंड में स्कूल पर हमला,  कई छात्र और शिक्षक बंधक,  सुरक्षा बलों का ऑपरेशन जारी

थाईलैंड मे एक स्कूल पर हमला हुआ है। अज्ञात बंदूकधारियों ने बुधवार शाम को टैम्बोन पाटोंग में पाटोंग प्रथान खिरिवात स्कूल पर हमला कर शिक्षकों और छात्रों को बंधक बना लिया है। घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस को तैनात किया है और बंदूकधारियों के साथ बातचीत की जा रही है।

Feb 11, 2026 - 19:52
 0
थाईलैंड में स्कूल पर हमला,  कई छात्र और शिक्षक बंधक,  सुरक्षा बलों का ऑपरेशन जारी


बैंकॉक। थाईलैंड में एक स्कूल पर अज्ञात बंदूकधारियों ने बुधवार शाम को हमला किया। उन्होंने स्कूल में घुसकर शिक्षकों और छात्रों को बंधक बना लिया है। खबर है कि पुलिस के घटनास्थल को घेरने पर एक शिक्षक को गोली मार दी गई है। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना सोंगखला के हाट याई जिले में स्थित एक स्कूल की है। मौके पर भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद हैं।

द नेशन थाईलैंड की खबर के मुताबिक, माए ताप्तिम याला फाउंडेशन ने अपने फेसबुक पेज पर शाम 4.59 बजे बताया कि टैम्बोन पाटोंग में पाटोंग प्रथान खिरिवात स्कूल पर हथियारबंद बंदूकधारियों ने हमला किया और गोलियां चलाईं। फाउंडेशन ने कहा कि घायल टीचर को अस्पताल ले जाया गया और स्कूल को घेरने के लिए पुलिस को भेजा गया। पुलिस ने कहा कि बंदूकधारी स्कूल में तब घुसे जब दिन की क्लास खत्म होने वाली थीं।

उन्होंने कहा कि हमलावरों ने कुछ टीचरों और स्टूडेंट्स को बंधक बना रखा था, और कई डरे हुए स्टूडेंट्स अभी भी बिल्डिंग के अंदर फंसे हुए थे। हाट याई पुलिस ने स्थिति को काबू में करने की कोशिश में स्कूल को घेरने के लिए एक स्पेशल फोर्स टीम बनाई। स्कूल से ज्यादा से ज्यादा छात्रों और दूसरे लोगों को निकालने के लिए बचाव दल भी भेजे गए हैं।

पुलिस ने कहा कि वे बंदूकधारियों से बातचीत करने के लिए जिले, टैम्बोन और गांव के मुखियाओं के साथ कोऑर्डिनेट कर रहे हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकल सका है। पुलिस ने लोगों से कहा गया है कि वे सुरक्षा के लिए स्कूल के सामने और आस-पास के इलाकों से बचें, और सिर्फ सरकारी एजेंसियों या दूसरे भरोसेमंद सोर्स से मिलने वाले अपडेट्स पर ही ध्यान दें।