बिना फिटनेस दौड़ रहीं स्कूली बसें! आगरा मंडल में 32 वाहनों के परमिट तुरंत निलंबित

आगरा। बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले परिवहन संचालकों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने आगरा मंडल में 32 स्कूली बसों और वाहनों के परमिट तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। इन वाहनों ने छह माह से नोटिस मिलने के बावजूद फिटनेस प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं किए थे। कार्रवाई के तहत आगरा के 07, मथुरा के 14, फिरोजाबाद के 10 और मैनपुरी के 01 परमिट सस्पेंड कर दिए गए हैं। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि 90 दिन के भीतर फिटनेस प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं किया गया तो परमिट स्थायी रूप से निरस्त कर दिए जाएंगे।

Sep 16, 2025 - 20:42
 0
बिना फिटनेस दौड़ रहीं स्कूली बसें! आगरा मंडल में 32 वाहनों के परमिट तुरंत निलंबित
संभागीय परिवहन प्राधिकरण की मंगलवार को हुई 51वीं बैठक की अध्यक्षता करते मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह।

परिवहन प्राधिकरण की बैठक में सख्ती

यह निर्णय मंडलायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित 51वीं संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में लिया गया। बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार विगत तीन माह में आगरा मंडल में नए परमिट, नवीनीकरण और निरस्तीकरण की बड़ी संख्या दर्ज की गई है। आगरा में 554 नए परमिट, 204 नवीनीकरण और 350 निरस्तीकरण हुए, फिरोजाबाद में 413 नए परमिट और 276 निरस्तीकरण, मथुरा में 346 नए परमिट व 224 निरस्तीकरण और मैनपुरी में 280 नए परमिट व 139 निरस्तीकरण किए गए।

ऑटो-रिक्शा और ट्रकों पर भी सख्ती

बैठक में बताया गया कि संभाग में 768 ऑटो-रिक्शा, 19 निजी सेवा यान, 262 संपूर्ण यूपी माल यान और 515 राष्ट्रीय भार वाहन तीन वर्ष या उससे अधिक समय से फिटनेस और परमिट नवीनीकरण नहीं करा रहे हैं। कई बार नोटिस देने और चेतावनी के बावजूद परमिट धारकों ने कोई ध्यान नहीं दिया। इस लापरवाही से राजस्व हानि हो रही है। मंडलायुक्त ने स्पष्ट आदेश दिए कि जो वाहन 5 वर्ष से नवीनीकरण नहीं करा रहे हैं, उनके परमिट निरस्त कर दिए जाएंगे।

प्रशमन शुल्क पर भी विचार

बैठक में चर्चा हुई कि परमिट धारक अक्सर विलंब शुल्क के कारण परमिट रिन्यू कराने से बचते हैं। प्रशमन शुल्क इतना अधिक हो जाता है कि वाहन मालिक परमिट समाप्त होने पर नए परमिट लेने में रुचि नहीं दिखाते। इस स्थिति से राजस्व को नुकसान हो रहा है। मंडलायुक्त ने ऐसे मामलों में विलंब शुल्क के पुनर्निर्धारण के निर्देश दिए ताकि प्रक्रिया व्यवहारिक हो सके।

नए परमिट आवेदनों पर चर्चा

बैठक में कई मार्गों पर नए स्थायी परमिट आवेदनों पर विचार किया गया। मैनपुरी से इटावा मार्ग पर 35 और मैनपुरी से किशनी मार्ग पर 5 आवेदन आए। वहीं मथुरा-सादाबाद मार्ग पर 4 परमिटों को स्वीकृति प्रदान की गई। शिकोहाबाद-एटा मार्ग पर आए 14 आवेदनों पर फिलहाल निर्णय टालते हुए मौजूदा यात्री संख्या और वाहनों का फीडबैक रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में शामिल रहे ये अधिकारी

बैठक में उप परिवहन आयुक्त विदिशा सिंह, आरटीओ आगरा अरुण कुमार, एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, एआरटीओ आगरा आलोक अग्रवाल, एआरटीओ मैनपुरी शिवम यादव, क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज बी.पी. अग्रवाल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor