विद्यालय प्राचार्य पर जातिसूचक अपमान और मनमानी का आरोप, पार्षद व अभिभावकों ने खोला मोर्चा
आगरा। माईथान क्षेत्र स्थित श्री गुरुतेग बहादुर खालसा हाईस्कूल की प्राचार्य के खिलाफ क्षेत्रीय पार्षद और अभिभावकों ने गंभीर आरोप लगाते हुए डीएम और बीएसए को शिकायती पत्र भेजा है। आरोप है कि प्राचार्य न केवल बच्चों के साथ जातिसूचक टिप्पणियां करती हैं, बल्कि उन्हें फेल करने की धमकी देकर मानसिक उत्पीड़न भी करती हैं।
जातिगत भेदभाव और परीक्षा में मनमानी का आरोप
अभिभावकों ने जिलाधिकारी को भेजे गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि विद्यालय में छात्रों के साथ जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव किया जा रहा है। कई मामलों में अलग जाति या धर्म से जुड़े छात्रों को जानबूझकर परीक्षा में फेल कर दिया गया। जबकि शासन का स्पष्ट निर्देश है कि कक्षा नर्सरी से आठवीं तक किसी छात्र को फेल नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद प्राचार्य अपने विवेक से निर्णय ले रही हैं, जिससे अभिभावकों में रोष व्याप्त है।
पत्र पर दर्जनों अभिभावकों के हस्ताक्षर
शिकायती पत्र पर मनोज, अजय कुमार, संध्या, महेश, अमित, रवि, राजेश, ऊदल, गीता, संजय और राजकुमारी सहित अनेक अभिभावकों के हस्ताक्षर हैं। सभी ने मिलकर मांग की है कि बच्चों के भविष्य को बचाने के लिए प्राचार्य के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।
पार्षद ने भी बीएसए को सौंपी शिकायत
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय पार्षद आरती शर्मा ने भी बीएसए को लिखित शिकायत भेजी है। आरती शर्मा के अनुसार, जब वह अभिभावकों की शिकायत पर विद्यालय पहुंचीं और प्राचार्य से मिलकर बातचीत की, तो प्राचार्य ने न सिर्फ उन्हें अपमानजनक व्यवहार से जवाब दिया, बल्कि मिड-डे मील जैसे महत्वपूर्ण विषय पर भी टालमटोल करती रहीं।
विद्यालय की छवि को पहुंच रहा नुकसान
पार्षद आरती शर्मा ने कहा कि प्राचार्य का व्यवहार न केवल अभिभावकों बल्कि जनप्रतिनिधियों के प्रति भी असम्मानजनक है, जिससे विद्यालय की छवि धूमिल हो रही है। उन्होंने मांग की कि बीएसए तत्काल मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करें।