आगरा कॉलेज के केसी मेहता मेमोरियल सेमिनार में वैज्ञानिक सोच को नई उड़ान, छात्रों ने शोध प्रस्तुतियों से दिखाया दम

आगरा। आगरा कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग में 13 अप्रैल 2026 को प्रोफेसर के.सी. मेहता मेमोरियल सेमीनार का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अकादमिक संगोष्ठी में स्नातकोत्तर छात्रों ने विभिन्न विषयों पर अपनी शोधपरक प्रस्तुतियां देकर वैज्ञानिक दृष्टिकोण और शोध क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

Apr 13, 2026 - 21:43
 0
आगरा कॉलेज के  केसी मेहता मेमोरियल सेमिनार में वैज्ञानिक सोच को नई उड़ान, छात्रों ने शोध प्रस्तुतियों से दिखाया दम
आगरा कॉलेज में सोमवार को आयोजित प्रोफेसर केसी मेहता मेमोरियल सेमिनार में मौजूद प्राध्यापक और छात्र।

कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी.के. गौतम ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। उन्होंने ऐसे सेमिनार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को अकादमिक स्तर पर गहराई से सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र सिंह उपस्थित रहे। साथ ही विभाग के पूर्व शिक्षक डॉ. आर.एम.एस. सेगर की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

कॉलेज के उप प्राचार्य डॉ. पी.बी. झा एवं विभागाध्यक्ष डॉ. श्याम गोविंद सिंह ने अपने प्रेरक उद्बोधन में छात्रों को निरंतर अध्ययन और शोध की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

संगोष्ठी में स्नातकोत्तर विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न वैज्ञानिक विषयों पर प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें नवीन शोध, पर्यावरणीय मुद्दे और वनस्पति विज्ञान के विभिन्न आयामों को प्रमुखता से रखा गया।

कार्यक्रम का संचालन प्रो. जौली सिंह एवं डॉ. सारिका यादव ने संयुक्त रूप से किया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. ए.के. सिंह ने दिया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से डॉ. वी.के. सिंह, डॉ. प्रभात यादव, प्रो. के.के. सिंह, डॉ. अनुराधा नेगी, डॉ. आशीष तेजस्वी, डॉ. अविनाश जैन, डॉ. अमित यादव, डॉ. रवीन्द्र सिंह चौहान सहित विभाग के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor