चैंबर सभागार में सेबी और बीएसई का निवेशक जागरूकता सेमिनार, ‘सारथी एप’ से लें सुरक्षित निवेश की प्रामाणिक जानकारी
आगरा। निवेशकों को सुरक्षित, जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) तथा बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (बीएसई) द्वारा आगरा में क्षेत्रीय निवेशक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। यह सेमिनार नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के तत्वावधान में चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें निवेश, वित्तीय योजनाओं, डिजिटल फ्रॉड से बचाव और बॉन्ड्स से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
‘सारथी एप’ से सुरक्षित निवेश की नई राह
सेमिनार में बीएसई से जसदीप सिंह कोहली ने बताया कि निवेशकों के हित में सेबी ने हाल ही में ‘सारथी’ मोबाइल एप लॉन्च किया है। इस एप के माध्यम से निवेशक सुरक्षित निवेश से संबंधित प्रामाणिक जानकारी, सेबी की योजनाएं और निवेश से जुड़े मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सेमिनार का मुख्य उद्देश्य सेबी द्वारा निवेशकों की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देना और सही वित्तीय योजना के जरिए प्रतिभूति बाजार के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
डिजिटल फ्रॉड पर त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था
श्री कोहली ने डिजिटल धोखाधड़ी को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन फ्रॉड होता है तो सबसे पहले 1930 पर साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर सूचना दें, जिससे संबंधित बैंक खाता तत्काल फ्रीज हो जाता है और आगे का भुगतान रुक जाता है। इसके बाद 1945 पर सूचना देने से तत्काल ई-एफआईआर दर्ज हो जाती है, जिससे शीघ्र कानूनी कार्रवाई प्रारंभ हो जाती है।
बॉन्ड्स और निवेश विकल्पों पर विस्तृत जानकारी
सेमिनार में इंडिया बॉन्ड्स से विशाल गोयनका ने जीवन के विभिन्न चरणों में बचत और निवेश के विकल्पों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बेसिक बॉन्ड और बॉन्ड के विभिन्न प्रकारों की सरल भाषा में विस्तृत जानकारी देते हुए सुरक्षित निवेश के महत्व को प्रभावी ढंग से समझाया।
सेबी की योजनाओं पर वर्चुअल प्रस्तुति
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सेबी से रिंकी गोस्वामी ने सेबी की विभिन्न योजनाओं और निवेशक संरक्षण तंत्र की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतिभूति बाजार में एजेंट, दलाल, कंपनी या मर्चेंट बैंकर द्वारा की गई किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से निपटने के लिए सेबी ने कड़े और प्रभावी कदम उठाए हैं। निवेशक सेबी की स्कोर्स वेबसाइट पर जाकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
अर्थव्यवस्था के साथ निवेश ज्ञान भी जरूरी
सेमिनार संयोजक सीएस कनिका गुप्ता ने कहा कि भारत एक विकासशील देश के रूप में निरंतर प्रगति कर रहा है। निर्यात, कृषि, एमएसएमई और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। ऐसे में आम नागरिकों को प्रतिभूति बाजार की सही और विस्तृत जानकारी मिलना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे सुरक्षित और समझदारीपूर्ण निवेश कर सकें।
सेमिनार में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल, उपाध्यक्ष संजय कुमार गोयल, उपाध्यक्ष विवेक जैन, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, मनोज बंसल, सतीश अग्रवाल, सुनील सिंघल, अमित बंसल, संजय अरोरा, अम्बा प्रसाद गर्ग, एस.के. जैन, मनोज गर्ग, योगेश जिंदल, विवेक मित्तल, राजेन्द्र अग्रवाल, पियूष गोयल, मनोज कुमार अग्रवाल, विजय कुमार अग्रवाल, सुरेन्द्र नाथ गुप्ता सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
Top of Form
Bottom of Form