आगरा के वरिष्ठ अधिवक्ता और पत्रकार कमल अग्रवाल का आकस्मिक निधन

आगरा के विधि, पत्रकारिता और सामाजिक जगत के लिए सोमवार का दिन शोकपूर्ण रहा। वरिष्ठ अधिवक्ता, अनुभवी विधि पत्रकार और अग्रवाल युवा संगठन के पूर्व संयोजक कमल कुमार अग्रवाल एडवोकेट का आज आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से अधिवक्ता समाज, मीडिया जगत और सामाजिक संगठनों में गहरा शोक व्याप्त है।

Feb 9, 2026 - 20:15
 0
आगरा के वरिष्ठ अधिवक्ता और पत्रकार कमल अग्रवाल का आकस्मिक निधन
स्व. कमल अग्रवाल एडवोकेट।

आगरा। वरिष्ठ अधिवक्ता, पत्रकार एवं अग्रवाल युवा संगठन के पूर्व संयोजक कमल कुमार अग्रवाल एडवोकेट का सोमवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से शहर ने एक सज्जन, मृदुभाषी और सेवाभावी व्यक्तित्व को खो दिया।

कमल अग्रवाल ने अधिवक्ता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने के साथ-साथ विधि संवाददाता के रूप में पत्रकारिता क्षेत्र में भी लंबे समय तक सेवाएं दीं। वे डीएलए सहित कई प्रमुख समाचार पत्रों से जुड़े रहे और विधि पत्रकारिता में अपनी निष्पक्षता, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और कानून की गहरी समझ के लिए विशेष रूप से पहचाने जाते थे।

मृदु भाषी और सरल स्वभाव के धनी कमल अग्रवाल सभी वर्गों में लोकप्रिय थे। वे न केवल अधिवक्ता समाज बल्कि पत्रकारिता जगत में भी सबके प्रिय थे। सामाजिक क्षेत्र में उनकी सक्रिय भागीदारी रही और वे अग्रवाल समाज के साथ-साथ अन्य सामाजिक संगठनों में भी निरंतर योगदान देते रहे।

स्वर्गीय कमल कुमार अग्रवाल, स्वर्गीय मुन्ना लाल अग्रवाल के सुपुत्र थे। अनेक सामाजिक, राजनीतिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।

SP_Singh AURGURU Editor