आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का सनसनीखेज मामला, जूनियर छात्र से मारपीट, चार सीनियर पर एफआईआर

आगरा। आगरा स्थित सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एसएनएमसी) में रैगिंग का एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। एमबीबीएस 2023 बैच के छात्र रामकुमार ने अपने ही कॉलेज के कुछ सीनियर छात्रों पर रैगिंग करने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

Jan 4, 2026 - 23:55
 0
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का सनसनीखेज मामला, जूनियर छात्र से मारपीट, चार सीनियर पर एफआईआर
इमेज फोटो

रैगिंग से इनकार करना पड़ा भारी, छात्रावास पार्किंग में हुई मारपीट
पीड़ित के भाई पर भी हमला, जान से मारने की धमकी का आरोप
पुलिस व कॉलेज प्रशासन ने शुरू की जांच, सख्त कार्रवाई के संकेत

आगरा। आगरा स्थित सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एसएनएमसी) में रैगिंग का एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। एमबीबीएस 2023 बैच के छात्र रामकुमार ने अपने ही कॉलेज के कुछ सीनियर छात्रों पर रैगिंग करने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़ित छात्र का आरोप है कि छात्रावास परिसर की पार्किंग में सीनियर छात्रों ने रैगिंग करने की कोशिश की। जब उसने रैगिंग से साफ इनकार किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। यही नहीं, बीच-बचाव के लिए पहुंचे पीड़ित छात्र के भाई के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।

घटना के दौरान आरोपियों द्वारा गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है। घटना के बाद पीड़ित छात्र ने कॉलेज प्रशासन और पुलिस से लिखित शिकायत की।

शिकायत के आधार पर थाना मदनमोहन गेट पुलिस ने सूरज चौधरी, रितुराज जाटव, गौतम बडेरिया और विवेक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने भी आंतरिक जांच शुरू कर दी है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो रैगिंग के खिलाफ नियमों के तहत कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग जैसी कुप्रथा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्र संगठनों और अभिभावकों ने मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।